
'पांच दिन में हो सकती है डील...', डोनाल्ड ट्रंप का दावा, ईरान बोला- कोई बातचीत नहीं
AajTak
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर संभावित हमलों को पांच दिनों के लिए रोकने का निर्देश दिया, जिसका कारण दोनों देशों के बीच जारी सकारात्मक बातचीत बताया गया. डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि ईरान से पांच दिनों के भीतर डील हो सकती है. हालांकि, ईरान इन दावों को खारिज कर रहा है. इससे पहले अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने को लेकर चेतावनी दी थी, जिस पर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिकी डिफेंस वॉर को निर्देश दिया है कि ईरानी पावर प्लांट्स और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर फिलहाल पांच दिनों तक कोई हमले न करें. ट्रंप का दावा है कि दोनों देशों के बीच मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को पूरी तरह खत्म करने को लेकर गंभीर चर्चा चल रही है. फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने दावा किया कि ईरान डील करने के लिए बहुत ज्यादा इच्छुक है, ये डील पांच दिनों के भीतर या उससे भी पहले हो सकती है.
न्यूज एजेंसी के हवाले से कहा गया अमेरिकी प्रतिनिधि जेयर्ड कुश्नर और स्टीव विटकॉफ के साथ ईरान की बातचीत रविवार रात को हुई. हालांकि, ईरान इन दावों को खारिज कर रहा है.
डोनाल्ड ट्रंप ने Fox News से बातचीत में कहा, हम देखेंगे कि बातचीत किस दिशा में जाती है. हमारी बातचीत काफी अच्छी रही है. उन्होंने कहा, अगर ईरान अपनी बात पर कायम रहता है, तो टकराव खत्म हो जाएगा. ट्रंप ने कहा, विटकॉफ और कुशनर ने बातचीत की है. Fox News के सवाल का जवाब देते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान किसी भी कीमत पर डील करना चाहता है.
उन्होंने कहा कि बातचीत जारी है और रविवार को ही पिछली बातचीत हुई थी. ट्रंप ने कहा कि हमने बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर 5 दिनों तक के लिए हमले रोक दिए हैं. यह मामला इससे पहले भी सुलझ सकता है. अगर समझौता होता है, तो यह ईरान के लिए एक बेहतरीन शुरुआत होगी और इस क्षेत्र के लिए भी बहुत अच्छा होगा.
'अली खामेनेई के बेटे को लीडर नहीं मानता' ईरान के पास कोई टेलीकम्युनिकेशन नहीं है, इसलिए सोचिए कि उनके यहां कम्युनिकेशन की कितनी कमी है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हम एक ऐसे व्यक्ति से बात कर रहे हैं, जो मेरे विचार से सबसे ज्यादा सम्मानित 'लीडर' है. ट्रंप ने कहा, मैं अली खामेनेई के बेटे को लीडर नहीं मानता.
ईरान के दावे पर क्या बोले ट्रंप? ईरान का दावा कि वह बातचीत नहीं चाहता, इस सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि ईरानी सरकारी टीवी किस बात का जिक्र कर रहा है, क्योंकि खबरों के मुताबिक बातचीत तो पिछली रात ही हुई थी. ट्रंप ने कहा कि ईरान से सटीक जानकारी मिलना मुश्किल है, उन्होंने कहा कि एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर के खिलाफ अमेरिका की चल रही कार्रवाई से बातचीत पर असर पड़ सकता है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को होर्मुज पर धमकी अब उन्हीं पर उलटी पड़ चुकी है. ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे की डेडलाइन देकर होर्मुज खोलने को कहा था, जिसके बाद अब ईरान ने ट्रंप के स्टाइल में ही उन्हें जवाब देते हुए कहा कि यदि अमेरिका उनपर हमला करेगा तो ईरान भी अमेरिका के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाएगा.

आज यु्द्ध का 24वां दिन है. इजरायल पर ईरान और जवाब में अमेरिका और इजरायल के ईरान पर ताबड़तोड़ हमले जारी हैं. इस बीच सवाल ये कि क्या डोनाल्ड ट्रंप हॉर्मुज पर फंस गए हैं. ट्रंप के बार-बार बदलते बयानों से लग रहा है कि जंग छेड़ने से पहले हॉर्मुज को लेकर ट्रंप सोच नहीं पाए थे. देखें कैसे बदलते जा रहे ट्रंप के बयान.











