
'गल्फ तक जाने वाले हर रास्ते को बारूद से भर देंगे', ट्रंप को ईरान की बड़ी धमकी
AajTak
ईरान की रक्षा परिषद ने अमेरिका और इजरायल को बड़ी धमकी दी है. ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका और इजरायल उसके तटों या द्वीपों पर हमला करते हैं तो खाड़ी देशों तक जाने वाले हर रास्ते को बारूद से भर देगा.
ईरान की रक्षा परिषद ने सोमवार को चेतावनी दी कि अगर अमेरिका और इजरायल ने देश के तटों या द्वीपों पर किसी भी तरह का हमला किया तो पूरे फारस की खाड़ी (Persian Gulf) में बारूद बिछा देंगे. ईरान ने कहा कि वो फारस की खाड़ी में विस्फोटक समुद्री बारूदी सुरंगें बिछा देगा.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, रक्षा परिषद ने कहा कि अगर ईरान ऐसा करता है तो खाड़ी क्षेत्र में जहाजों के रास्ते और संचार लाइनें बुरी तरह प्रभावित होंगी. परिषद ने चेताया कि ये माइन सीधे ईरान के तट से भी छोड़ी जा सकती हैं.
परिषद ने अपने बयान में कहा, 'ईरान के तटों या द्वीपों पर हमला करने की किसी भी कोशिश की स्थिति में खाड़ी देशों तक जाने वाले सभी रास्तों को अलग-अलग तरह की समुद्री बारूदी सुरंगों से भर दिया जाएगा. इनमें तैरने वाली माइन भी शामिल होंगी जिन्हें तट से छोड़ा जा सकता है.'
बयान में आगे कहा गया, 'ऐसी स्थिति में पूरा खाड़ी क्षेत्र लंबे समय तक होर्मुज स्ट्रेट जैसी स्थिति में आ जाएगा. 1980 के दशक में कुछ ही समुद्री माइन हटाने में 100 से ज्यादा माइनस्वीपर जहाज लग गए थे. वो बुरी तरह विफल रहे थे, उनकी विफलता को नहीं भूलना चाहिए.'
ईरान की तरफ से यह धमकी भरा बयान ऐसे वक्त में आया है जब खबर आ रही है कि अमेरिका इस क्षेत्र में मरीन तैनात कर सकता है.
ईरान के खार्ग द्वीप पर कब्जे की प्लानिंग में अमेरिका

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को होर्मुज पर धमकी अब उन्हीं पर उलटी पड़ चुकी है. ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे की डेडलाइन देकर होर्मुज खोलने को कहा था, जिसके बाद अब ईरान ने ट्रंप के स्टाइल में ही उन्हें जवाब देते हुए कहा कि यदि अमेरिका उनपर हमला करेगा तो ईरान भी अमेरिका के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाएगा.

आज यु्द्ध का 24वां दिन है. इजरायल पर ईरान और जवाब में अमेरिका और इजरायल के ईरान पर ताबड़तोड़ हमले जारी हैं. इस बीच सवाल ये कि क्या डोनाल्ड ट्रंप हॉर्मुज पर फंस गए हैं. ट्रंप के बार-बार बदलते बयानों से लग रहा है कि जंग छेड़ने से पहले हॉर्मुज को लेकर ट्रंप सोच नहीं पाए थे. देखें कैसे बदलते जा रहे ट्रंप के बयान.











