
दिल्ली में 20 मार्च से किसान फिर शुरू करेंगे आंदोलन, राकेश टिकैत बोले- जमीन छीनने की हो रही तैयारी
AajTak
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आज किसान महापंचायत हुई, जिसमें आसपास जिलों के किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए. इस दौरान किसान नेता राकेश टिकैत ने ऐलान करते हुए कहा कि दिल्ली में 20 मार्च से किसान फिर आंदोलन करेंगे. महापंचायत में किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की जमीनें छीनने की तैयारी हो रही है.
मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत का आयोजन किया गया. इसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए. इस दौरान नरेश टिकैत ने कहा कि प्रदेश में गन्ने का दाम 450 रुपये क्विंटल किया जाए. इसी के साथ नलकूपों पर मीटर नहीं लगने देने और पुराने ट्रैक्टर बंद न होने देने का ऐलान भी किया.
महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने केंद्र और राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने यूपी में गन्ने का भाव 450 रुपये क्विंटल करने की मांग की. भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि नलकूपों पर किसी भी कीमत पर बिजली के मीटर नहीं लगने देंगे और न ही पुराने ट्रैक्टर बंद होने देंगे. उन्होंने कहा कि नागपुर पॉलिसी चल रही है.
राकेश टिकैत ने कहा कि पीएसी नहीं, मिलिट्री बुलाओ, पर मीटर नहीं लगेगा. सरकार अपने मीटर की सुरक्षा करे, चोरी बढ़ रही है. बड़ी कंपनियों को बिजली बेची जा रही है. गरीबों का शोषण किया जा रहा है. यह कंपनियों की सरकार है. टिकैत ने ऐलान किया कि 26 जनवरी 2024 को पूरे देश में ट्रैक्टर परेड होगी. किसान संगठन किसी एक पार्टी के खिलाफ नहीं है. जहां सरकार किसान के खिलाफ फैसले करेगी, हम वहीं जाएंगे.
राकेश टिकैत बोले- किसानों की जमीन छीनने की तैयारी हो रही है
राकेश टिकैत ने किसानों को चेताया कि जमीन छीनने की तैयारी है, गलत तरीके से भूमि अधिग्रहण किया जाता है. हमारे आंदोलन का अगला पड़ाव फिर दिल्ली होगा. 20 मार्च से संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में दिल्ली में आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि 20 साल तक की लड़ाई के लिए तैयार रहें.

वेस्ट एशिया में छिड़ी जंग के बाद पैदा हुए हालातों पर प्रधानमंत्री लोकसभा को संबोधित कर रहे हैं. इस बीच उन्होंने कहा कि अब इस संकट को 3 सप्ताह से ज्यादा हो रहा है. इसका पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर, लोगों के जीवन पर बहुत ही विपरित असर हो रहा है. इसलिए पूरी दुनिया इस संकट के जल्द से जल्द समाधान के लिए सभी पक्षों से आग्रह भी कर रही है.












