
दामाद केएल राहुल के मैच नहीं देखते सुनील शेट्टी, संजीव गोयनका संग बहस पर दिया बड़ा बयान
AajTak
हाल ही में एक इंटरव्यू में राहुल के ससुर और एक्टर सुनील शेट्टी ने इस विवाद के बारे में खुलकर बात की. साथ ही उन्होंने क्रिकेटर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए गर्व भी जताया. सुनील ने केएल राहुल की LSG टीम के मालिक संजीव गोयनका से 2024 में हुई बहस को याद किया.
भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका के बीच 2024 आईपीएल में मैदान पर हुई तीखी बहस ने सभी का ध्यान खींचा था. उस समय राहुल एलएसजी टीम के कैप्टन थे. सनराइजर्स हैदराबाद से भारी हार के बाद संजीव गोयनका को राहुल से बहस करते और उन्हें झाड़ लगाते देखा गया था. हाल ही में एक इंटरव्यू में राहुल के ससुर और एक्टर सुनील शेट्टी ने इस विवाद के बारे में खुलकर बात की. साथ ही उन्होंने क्रिकेटर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए गर्व भी जताया.
सुनील शेट्टी ने की दामाद की तारीफ
लहरें रेट्रो के साथ बातचीत में सुनील शेट्टी ने स्वीकार किया कि केएल राहुल को इस घटना के बाद मिले प्यार के बारे में पता है. उन्होंने कहा, 'लोग उनके बारे में ऐसा महसूस करते हैं और वह इस बात से वाकिफ हैं. उन्हें बहुत सारा प्यार और सहानुभूति मिली है. आज तक उन्होंने इस बारे में एक भी शब्द नहीं कहा. उन्होंने कभी इस पर बात नहीं की, हमने घर में भी इस बारे में कभी चर्चा नहीं की. शायद उस समय संजीव जी अपने जीवन में किसी चीज से गुजर रहे थे और हमने उसे उसी तरह देखा.'
इसके आगे दिग्गज एक्टर ने कहा, 'बेशक इससे उन्हें चोट पहुंची थी, क्योंकि पूरी दुनिया देख रही थी. दुनिया फैसले लेना चाहती थी, दुनिया बयान दे रही थी. लेकिन वे हमारे बयान नहीं थे. इससे राहुल के लिए, परिवार के लिए मिला प्यार दिखता है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हम उसमें भी गए.'
राहुल का मैच नहीं देखते सुनील
सुनील शेट्टी अपने दामाद की उपलब्धियों पर गर्व करते हैं, लेकिन जब राहुल मैदान पर खेल रहे होते है तो वे क्रिकेट मैच नहीं देखते. उन्होंने बताया, 'मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी यह है कि राहुल देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है. अगर वह कप्तान है, उप-कप्तान है, या आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहा है और भारत की जीत के लिए जिम्मेदार है, तो यह हमारे लिए अपने आप बहुत बड़ी खुशी की बात है. लेकिन हमारे लिए सब कुछ उसका देश का प्रतिनिधित्व करना और उसका व्यक्तित्व है. मैं सभी मैच देखता हूं लेकिन जब राहुल खेल रहा होता है तो मैं बिल्कुल नहीं देखता.'













