
ट्रंप का फिर 'मूड स्विंग'... ग्लोबल टैरिफ 10 से बढ़ाकर 15% किया, इस फैसले का भारत पर क्या पड़ेगा असर?
AajTak
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक आयात पर प्रस्तावित टैरिफ को 10% से बढ़ाकर 15% करने का ऐलान किया है. उनके इस कदम से वैश्विक व्यापार और भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में नई अनिश्चितता पैदा हो गई है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कब क्या फैसला ले लेंगे शायद उनको भी नहीं पता. अगर कहें कि ट्रंप के फैसले उनके 'मूड स्विंग' से प्रभावित होते हैं, तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी. इसका ताजा उदाहरण है ग्लोबल टैरिफ को लेकर उनका एलान.ट्रंप ने शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह वैश्विक आयात पर लगाए जाने वाले प्रस्तावित टैरिफ को 10% से बढ़ाकर 15% करेंगे. एक दिन पहले ही उन्होंने 10 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा की थी.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह फैसला उन्होंने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले की गहन, विस्तृत और पूर्ण समीक्षा के आधार पर लिया है. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को 'बेतुका, खराब ढंग से लिखा गया और असाधारण रूप से अमेरिका-विरोधी' बताया. हालांकि, यह टैरिफ 150 दिनों के लिए ही प्रभावी रहेगा और इसे स्थायी बनाने के लिए ट्रंप प्रशासन को अमेरिकी कांग्रेस से कानून पास कराना होगा.
भारत के लिए क्या बदलेगा?
ट्रंप के इस ताजा कदम से टैरिफ को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है. पिछले साल भारत पर अमेरिका ने 25% रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था. साथ ही रूस से तेल खरीदने के चलते उन्होंने भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया था, जिससे कुल टैरिफ 50% प्रतिशत तक बढ़ा गया था. फरवरी 2026 में दोनों देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क पर सहमति के बाद ट्रंप प्रशासन ने भारतीय आयात पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% कर दिया था.
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ट्रंप द्वारा लगाए गए सभी टैरिफ निष्प्रभावी हो गए थे, जिससे ये संकेत मिले थे कि भारतीय आयात पर भी टैरिफ पुराने 3.5% के स्तर पर आ सकता है. लेकिन ट्रंप के 15 प्रतिशत वैश्विक टैरिफ लगाए जाने की घोषणा के बाद भारतीय आयात पर करीब 18.5% प्रतिशत टैरिफ रहेगा, रहेगी, हालिया 18 प्रतिशत से 0.5% अधिक है.
यह भी पढ़ें: 'दशकों की लूट अब नहीं चलेगी...', कोर्ट के फैसले के बाद ट्रंप का एक और बड़ा वार, 10 से बढ़ाकर 15% किया ग्लोबल टैरिफ













