
Stock Market Crash: US-जापान, कोरिया से हांगकांग तक... हर ओर कोहराम, क्या भारत में भी शेयर बाजार होगा क्रैश?
AajTak
Stock Market Crash Globally: शेयर बाजार के लिए विदेशों से एक बार फिर बुरे सिग्नल आए हैं. जापान से लेकर साउथ कोरिया तक के बाजारों में कोहराम मचा हुआ है और ये भर-भराकर टूटे हैं.
क्या हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को एक फिर फिर शेयर बाजार क्रैश (Stock Market Crash) होगा? सेंसेक्स-निफ्टी (Sensex-Nifty) बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को जोरदार तेजी के साथ बंद हुए थे, लेकिन इन इंडेक्स के लिए आज विदेशों से बेहद खराब सिग्नल आ रहे हैं. दरअसल, एशियाई शेयर बाजार क्रैश (Asian Market Crash) हो गए हैं.
जापान का निक्केई हो या फिर साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स हर ओर कोहराम मचा हुआ नजर आ रहा है. दूसरी ओर गिफ्ट निफ्टी भी गिरावट के साथ रेड जोन में कारोबार कर रहा है. Nikkei 4.10% की बड़ी गिरावट लेकर कारोबार कर रहा था, तो Kospi 5% फिसलकर कारोबार कर रहा था.
एशियाई बाजारों में मचा है कोहराम सोमवार को सभी एशियाई शेयर बाजारों में कोहराम मचा हुआ है. जापान का निक्केई इंडेक्स 4.10 फीसदी टूटकर 50,800 के लेवल तक गिरकर कारोबार कर रहा था, तो वहीं हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स करीब 3 फीसदी फिसलकर 24,532 पर ट्रेड करता दिखा. यही नहीं साउथ कोरिया के कोस्पी में कारोबार की शुरुआत के बाद ही अचानक बड़ा क्रैश आ गया और ये 5.10 फीसदी टूटकर 5,409 पर आ गया.
सिर्फ इतने ही नहीं, बल्कि अन्य एशियन मार्केट्स भी रेड जोन में तेज गिरावट लेकर कारोबार कर रहे थे. इनमें DAX (2.01%), CAC (1.90%) और FTSE-100 (1.50%) टूटे हुए थे.
गिफ्ट निफ्टी भी लाल निशान पर बात गिफ्ट निफ्टी की करें, तो ये इंडेक्स भी खुलने के साथ ही टूटा हुआ नजर आया और गिरावट के साथ रेड जोन में ट्रेड कर रहा था. Gift Nifty खबर लिखे जाने तक करीब 50 अंक से ज्यादा फिसलकर 23,737 पर ट्रेड कर रहा था. इससे पहले बीते शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी भर-भराकर टूटे थे. डाउ जोंस और डाउ फ्यूचर्स करीब 1 फीसदी फिसलकर बंद हुए थे.
एशियाई बाजारों से मिल रहे इन निगेटिव संकेतों का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल सकता है, जो बीते सप्ताह बड़े उतार-चढ़ाव से गुजरा था.













