
एक माफी से बच सकती थी राहुल गांधी की सदस्यता! मानहानि के मामले में पहले भी तीन बार मांग चुके हैं माफी
AajTak
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जिस मानहानि के मामले में एक्शन हुआ है, उनमें से ज्यादातर मामलों का निपटारा माफी के साथ ही हो जाता है. इस मामले में भी अगर राहुल ने माफी मांग ली होती तो शायद उनकी संसद की सदस्यता रद्द न होती. ऐसा नहीं है कि, इससे पहले उन्होंने कभी मानहानि के मामलों में माफी नहीं मांगी. राहुल अबतक तीन बार माफी मांग चुके हैं.
लोकसभा सचिवालय ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एक्शन लिया. मोदी सरनेम को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई गई है. हालांकि, अदालत के फैसले के बाद राहुल को तुरंत जमानत भी मिल गई. लेकिन इस फैसले की वजह से राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता चली गई.
ऐसे में सवाल है कि आखिर राहुल गांधी इस मामले में फंसे कैसे? क्या इसके पीछे बीजेपी है? तो सच ये है कि इसके पीछे बीजेपी नहीं है, बल्कि इसके पीछे वकीलों की वो टीम है, जो इस मामले में राहुल गांधी की पैरवी कर रही थी. ऐसे में लगता है कि इन्हीं वकीलों की वजह से राहुल गांधी इस मामले में इस कदर फंस गए कि उन्हें अपनी संसद की सदस्यता तक गंवानी पड़ी.
मानहानि के जो कानूनी मामले होते हैं, उनमें से ज्यादातर मामलों का निपटारा माफी के साथ ही हो जाता है और इस मामले में भी अगर राहुल गांधी ने माफी मांग ली होती तो शायद अदालत में ही इस पर कोई समझौता हो जाता और तब अदालत राहुल गांधी को ना तो दोषी करार देती और ना ही इसकी वजह से उनकी संसद की सदस्यता रद्द होती.
माफी मांगने से बच जाती सदस्यता?
दरअसल ये सबकुछ सिर्फ इसलिए हुआ क्योंकि राहुल गांधी सूरत की अदालत में तीन बार पेश हुए और तीनों में एक बार भी उन्होंने अदालत में ये नहीं कहा कि वो अपने बयान के लिए माफी मांगते हैं. जबकि ऐसा नहीं है कि, इससे पहले उन्होंने कभी मानहानि के मामलों में माफी नहीं मांगी.
इससे पहले 2019 में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के लिए 'चौकीदार चोर है' का जो नारा लगाया था, उसके लिए सुप्रीम कोर्ट में उन्होंने तीन बार माफीनामा पेश किया था और इनमें जो अंतिम माफीनामा था, इसमें राहुल ने चौथे पॉइंट में ये लिखा था कि वो बिना शर्त अपने इस गलत बयान के लिए माफी मांगते हैं. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी के वकील अभिषेक मनु सिंघवी थे और उन्होंने तब राहुल गांधी जो सलाह दी, उसकी वजह से राहुल गांधी माफी मांग कर इस केस से मुक्त हो गए थे. राहुल गांधी ऐसा ही कुछ इस मौजूदा मामले में भी कर सकते थे. लेकिन शायद उनके वकीलों ने इस बार उन्हें ये सलाह दी कि वो माफी नहीं मांगे और इसी वजह से राहुल गांधी इस मामले में फंसते चले गए और अब वो इसकी वजह से सांसद से पूर्व सांसद बन गए.

वेस्ट एशिया में छिड़ी जंग के बाद पैदा हुए हालातों पर प्रधानमंत्री लोकसभा को संबोधित कर रहे हैं. इस बीच उन्होंने कहा कि अब इस संकट को 3 सप्ताह से ज्यादा हो रहा है. इसका पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर, लोगों के जीवन पर बहुत ही विपरित असर हो रहा है. इसलिए पूरी दुनिया इस संकट के जल्द से जल्द समाधान के लिए सभी पक्षों से आग्रह भी कर रही है.












