
ईरान की 'कमजोर नस' पर US का हमला, ट्रंप का दावा- अमेरिकी सेना ने खर्ग आइलैंड पर बरसाए बम
AajTak
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि यह हमला इस क्षेत्र में की गई सबसे जोरदार सैन्य कार्रवाइयों में से एक था.
ईरान की जंग में अमेरिका ने एक और बड़ा हमला किया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खर्ग आइलैंड पर जोरदार बमबारी की है. उन्होंने दावा किया कि आइलैंड पर मौजूद हर सैन्य ठिकाना तबाह हो गया. साथ ही चेतावनी भी दी कि इसके अहम ऑयल इन्फ्रास्ट्रक्चर को अगला निशाना बनाया जा सकता है.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि यह हमला इस क्षेत्र में की गई सबसे जोरदार सैन्य कार्रवाइयों में से एक था. ट्रंप ने कहा कि अभी कुछ देर पहले मेरे निर्देश पर अमेरिका की सेंट्रल कमांड ने मिडिल ईस्ट के इतिहास के सबसे शक्तिशाली बमबारी अभियानों में से एक को अंजाम दिया और ईरान के सबसे अहम रणनीतिक क्षेत्र खर्ग द्वीप पर मौजूद सभी सैन्य ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया. हमारे हथियार दुनिया में अब तक के सबसे शक्तिशाली और अत्याधुनिक हैं, लेकिन शालीनता और संयम के कारण मैंने द्वीप पर मौजूद ऑयल इन्फ्रास्ट्रक्चर को नष्ट करने का फैसला नहीं किया.
उन्होंने कहा कि लेकिन अगर ईरान या कोई और देश होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की स्वतंत्र और सुरक्षित आवाजाही में किसी भी तरह की बाधा डालने की कोशिश करता है, तो मैं तुरंत इस फैसले पर दोबारा विचार करूंगा. अपने पहले कार्यकाल के दौरान और अभी भी, मैंने हमारी सेना को फिर से तैयार किया है और उसे दुनिया की सबसे घातक, सबसे शक्तिशाली और सबसे प्रभावी सैन्य ताकत बना दिया है. ईरान के पास हमारी किसी भी कार्रवाई के खिलाफ खुद को बचाने की कोई क्षमता नहीं है और वे इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते.
ट्रंप ने कहा कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और न ही उसे अमेरिका, मिडिल ईस्ट या दुनिया के लिए खतरा बनने दिया जाएगा. ईरान की सेना और उसकी आतंकवादी सरकार से जुड़े अन्य सभी लोगों के लिए समझदारी इसी में है कि वे अपने हथियार डाल दें और अपने देश के जो भी हिस्से बचे हैं उन्हें बचाने की कोशिश करें क्योंकि अब ज्यादा कुछ बचा नहीं है.
बता दें कि खर्ग आइलैंड ईरान के तेल का अहम एक्सपोर्ट हब है और खाड़ी क्षेत्र में एक अहम रणनीतिक जगह है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने जानबूझकर आइलैंड के ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करने से परहेज किया, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान इस क्षेत्र में शिपिंग में बाधा डालता है, तो हालात बदल सकते हैं.

क्या ईरान युद्ध में अमेरिका फंस गया है? स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ट्रंप के लिए अब बड़ी चुनौती बन गया है. ट्रंप दावे तो बहुत करते हैं, लेकिन हकीकत ये है कि होर्मुज समुद्री मार्ग अभी भी बंद है. ईरान जिसे चाहता है उसके जहाज जाने देता है. बिना ईरान की सहमति के कोई जहाज वहां से नहीं निकल सकता. देखें श्वेता सिंह की ये रिपोर्ट.

ईरान ने पहली बार अपनी घातक मिसाइल सेजिल का इस्तेमाल कर इजरायल पर हमला किया है. इस हमले से ईरान ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ 54वां चरण शुरु कर दिया है. IRGC के ऐरोस्पेस प्रमुख ने बताया कि सेजिल मिसाइल से कमांड और कंट्रोल केंद्रों पर मला किया. इस मिसाइल में ईरान के अंदर से इजरायल को निशाना बनाने की पूरी क्षमता है.

सोशल मीडिया पर चल रही मौत की खबरों के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक शॉप में कॉफी पीते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में नेतन्याहू मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि लोग कह रहे हैं कि मर गया है...क्या आप भी यही पूछ रहे हैं? इसके बाद उन्होंने कैमरे के सामने अपने दोनों हाथों को दिखाते हुए कहा, 'लोग मेरी उंगलियां भी गिन सकते हैं.










