
अखिलेश और शिवपाल खेमे में बंट गई सैफई की होली
AajTak
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की गैर-मौजूदगी में इस बार इटावा में सैफई की होली दो खेमों में बंट गई थी. अखिलेश यादव ने सैफई में मुलायम की कोठी में होली मनाई तो शिवपाल सिंह यादव ने एसएस मेमोरियल स्कूल में होली खेली.
कभी अपने राजनीतिक रंग के लिए देश भर में पहचानी जाने वाली सैफई की होली में इस बाद दूसरे ही रंग दिखाई दे रहे थे. हर बार समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव इटावा में अपने गांव सैफई में परिवार समेत होली खेलते आते थे. होली का त्योहार ही एक ऐसा मौका होता था जब सैफई में मुलायम का पूरा परिवार रंग खेलने जुटता था. इस बार स्वास्थ्य कारणों से मुलायम सिंह यादव ने सैफई में होली से दूरी बनाए रखी थी. मुलायम लखनऊ स्थित अपने आवास पर ही मौजूद थे. मुलायम की गैर-मौजूदगी में सैफई की होली दो खेमों में बंट गई थी. एक खेमे में जहां मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव थे तो दूसरी ओर सपा प्रमुख अखिलेश यादव, भाई रामगोपाल यादव और परिवार के तमाम छोटे-बड़े राजनीतिक, गैर-राजनीतिक सदस्य खड़े हुए दिखाई दे रहे थे. सैफई में मुलायम सिंह यादव के आवास पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने समर्थक परिवारिक सदस्यों और नेताओं के साथ होली का मंच सजाए हुए थे. यहां से कुछ ही दूरी पर मौजूद इस बार होली पर मुलायम की गैर-मौजूदगी में अखिलेश और शिवपाल का अलग-अलग मंच सजा था. प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया का गठन कर चुके शिवपाल याद अपने पिता सुधर सिंह के नाम पर स्थापित किए एसएस मेमोरियल स्कूल में होली का जश्न मना रहे थे. मुलायम के आंगन में मन रहे होली के जश्न में अखिलेश, रामगोपाल यादव, धर्मेद्र यादव, तेजप्रताप यादव दिखाई दिए वहीं शिवपाल अपने बेटे आदित्य और समर्थकों के साथ एसएस मेमोरियल में ही रहे. इस तरह पहले जहां होली के मौके पर मुलायम कुनबा अपने आंगन में एक साथ जमा हुआ करता था, इस बार पूरी तरह से अलग-थलग नजर आया.More Related News

Aaj 25 March 2026 का पंचांग (Aaj ka Panchang): 25 मार्च 2026, दिन- बुधवार, चैत्र मास, शुक्ल पक्ष, सप्तमी तिथि दोपहर 13.50 बजे तक फिर अष्टमी तिथि, मृगशिरा नक्षत्र शाम 17.33 बजे तक फिर आर्द्रा नक्षत्र, चंद्रमा- मिथुन में, सूर्य- मीन में, विजय मुहूर्त- दोपहर 14.30 बजे से दोपहर 15.19 बजे तक, राहुकाल- दोपहर 12.27 बजे से दोपहर 13.59 बजे तक, दिशा शूल- उत्तर.












