
T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की जर्मनी में हुई सर्जरी, बोले- वापसी का इंतजार नहीं कर सकता
AajTak
सूर्यकुमार यादव ने जर्मनी के म्यूनिख में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी कराई है. सर्जरी के बाद वह जल्द ही बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे. यह उनकी पिछले तीन साल में तीसरी सर्जरी है.
टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जर्मनी के म्यूनिख में स्पोर्ट्स हर्निया (Sports hernia) की सर्जरी कराई है. सर्जरी के बाद वह जल्द ही बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे. यह उनकी पिछले तीन साल में तीसरी सर्जरी है.
34 साल के बल्लेबाज ने इस्टाग्राम पर लिखा, 'लाइफ अपडेट: दाहिने निचले पेट में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी कराई. खुशी है कि सर्जरी सफल रही और मैं अब ठीक होने की राह पर हूं. वापसी का इंतजार नहीं कर सकता.'
स्पोर्ट्स हर्निया कमर या पेट के निचले हिस्से में नरम ऊतकों की चोट है, जिसमें अक्सर मांसपेशियां, कंडराएं या स्नायुबंधन शामिल होते हैं.
सर्जरी के बाद वह लगभग दो हफ्ते में बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे. भारत का अगला व्हाइट-बॉल दौरा अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ है, जिसमें तीन वनडे और इतने ही टी20 मैच होंगे. सूर्यकुमार यादव 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से 50 ओवरों के फॉर्मेट में नहीं खेले हैं.
यह सूर्यकुमार की पिछले तीन वर्षों में तीसरी सर्जरी है. 2023 में उन्होंने टखने की सर्जरी कराई थी और इससे पहले 2024 में भी स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी कराई थी.
सर्जरी से पहले सूर्यकुमार आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए शानदार फॉर्म में दिखे और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. उन्होंने 717 रन बनाए, जो ऑरेंज कैप विजेता साई सुदर्शन (759 रन) के बाद सर्वाधिक है. उनकी टीम मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में पहुंची, जहां वह क्वालिफायर-2 में पंजाब किंग्स से हार गई.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












