
Petrol Price Hike: हफ्तेभर में पेट्रोल ने बिगाड़ा बजट, अब कार की टंकी फुल कराने में बढ़ेगा इतना लोड
AajTak
Petrol Price Hike: पिछले सात दिन में छह बार पेट्रोल के रेट बढ़ चुके हैं. पेट्रोल की महंगाई का असर लोगों के बजट पर पड़ा है. आइए जानते हैं कि पिछले एक हफ्ते में पेट्रोल और डीजल के दाम में इजाफे का लोगों के बजट पर कितना असर पड़ा है.
Petrol Price Hike: ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने सोमवार को भी पेट्रोल-डीजल के दाम (Petrol-Diesel Rate) में इजाफा कर दिया. सप्ताह के पहले दिन कंपनियों ने पेट्रोल की कीमत में 30 पैसे प्रति लीटर और डीजल के भाव में 35 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी. इससे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गई है. इसके साथ ही दिल्ली में पेट्रोल का भाव (Petrol Price) 99.41 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया.
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पिछले सात दिन में छठी बार सोमवार को पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए. इस तरह 22 मार्च से 28 मार्च के बीच कंपनियां पेट्रोल के दाम में चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर चुकी हैं. इसी अवधि में डीजल 4.10 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है. इस तरह एक हफ्ते में पेट्रोल और डीजल की महंगाई ने बहुत सारे लोगों का बजट बिगाड़ दिया है.
टंकी भरवाना हुआ महंगा
अगर आपके पास Alto कार है, तो टंकी फुल कराने का आपका खर्च एक हफ्ते में ही 140 रुपये तक बढ़ चुका है. गौरतलब है कि Alto Car में औसतन 35 लीटर की टंकी होती है. अगर प्रति लीटर चार रुपये के इजाफे को ध्यान में रखा जाए तो ये कहा जा सकता है कि एक हफ्ते में 35 लीटर की टंकी भरवाने का खर्च 140 रुपये तक बढ़ गया है.
काफी समय से स्थिर थे पेट्रोल-डीजल के दाम
दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से काफी अधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद से अनिश्चितता की स्थिति और अधिक बढ़ गई है लेकिन भारतीय बाजारों में पेट्रोल-डीजल के दाम में लगभग 137 दिनों तक स्थिरता बनी हुई थी. लेकिन पिछले मंगलवार से अब तक छह बार रेट बढ़ चुके हैं.

कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो 1 अप्रैल से आपको इसके लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे. टाटा मोटर्स ने अपनी पेट्रोल, डीजल और सीएनजी कार्स की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है. मर्सिडीज-बेंज और बीएमडब्लू ने भी कीमतों में इजाफा का ऐलान किया है. संभव है कि दूसरी कंपनियां भी जल्द ही प्राइस हाइक का ऐलान कर सकती हैं.












