
Ind Vs Nz 2nd T20: आज दांव पर लगा इन दो खिलाड़ियों का करियर! रन नहीं बने तो होगा कड़ा फैसला
AajTak
टी-20 फॉर्मेट में भारतीय टीम के लिए ओपनिंग कर रहे शुभमन गिल और ईशान किशन बुरी फॉर्म से गुजर रहे हैं. दोनों ही बल्लेबाजों द्वारा पिछली कुछ पारियों में बढ़िया रन नहीं बन पाए हैं.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मैच रविवार को खेला जाना है. लखनऊ में होने वाले इस मैच में टीम इंडिया की निगाहें सीरीज में वापसी पर होंगी, क्योंकि पहले मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में यहां हर किसी की नज़र टीम इंडिया पर हैं, लेकिन दो बल्लेबाजों के लिए यह मैच किसी करो या मरो के मुकाबले से कम नहीं है.
टी-20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए ओपनिंग कर रहे शुभमन गिल और ईशान किशन अभी तक फेल साबित हुए हैं. पिछले कुछ टी-20 मैच में दोनों का ही बल्ला शांत है, ऐसे में यहां रनों का आना जरूरी हो गया है क्योंकि फिर दूसरों को जगह देने की मांग होने लगेगी.
दोनों बल्लेबाजों की खराब फॉर्म
दोनों ही बल्लेबाजों ने वनडे क्रिकेट में दोहरे शतक जड़े हुए हैं, लेकिन टी-20 फॉर्मेट में बल्ला अभी शांत है. अगर शुभमन गिल की बात करें तो उन्होंने अभी तक 4 टी-20 मैच खेले हैं, इनमें उनके नाम 65 रन ही हैं. शुभमन ने अपनी टी-20 पारियों में 7, 5, 46, 7 रन बनाए हैं.
वहीं अगर ईशान किशन की बात करें तो वह अभी तक भारत के लिए 25 टी-20 मैच खेल चुके हैं, इनमें उनके नाम 633 रन ही हैं. ईशान किशन की अगर पिछली कुछ पारियों को देखें तो 4, 2, 1, 37, 10 रन बनाए हैं यानी उनके बल्ले से भी बड़ी पारी की उम्मीद है, क्योंकि अब वह ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
गौरतलब है कि टी-20 सीरीज के स्क्वॉड में पृथ्वी शॉ भी हैं, जो टीम में एंट्री का इंतज़ार कर रहे हैं. लेकिन उन्हें लंबे वक्त से मौका नहीं मिल पा रहा है. देखना होगा कि क्या कप्तान हार्दिक पंड्या दूसरे टी-20 मैच में इन खिलाड़ियों को मौका देते हैं या नहीं.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












