
Gurugram Namaz: गुरुग्राम में खुले में नमाज का फिर हुआ विरोध, हिन्दू संगठन ने अगले शुक्रवार को लेकर किया ये एलान
ABP News
Gurugram Namaz Issue: गुरुग्राम में आज फिर नमाज पर विवाद जारी रहा. जुम्मे की नमाज गुरुग्राम सेक्टर-37 में होती थी लेकिन आज नहीं हुई. पिछले सप्ताह भी नमाज के दौरान खूब हंगामा हुआ था.
Gurugram Namaz News दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरूग्राम के सेक्टर-37 में नमाज पढ़े जाने वाले स्थान पर आज जुम्मे की नमाज नहीं हो सकी. नमाज वाले स्थान पर हिंदू संगठन के लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए, हनुमान चालीसा का पाठ किया और जय श्रीराम के नारे लगाए. इस दौरान हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए सीडीएस बिपिन रावत व उनके अलावा 10 शहीद हुए जवानों के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया और उसके बाद पुष्प अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि दी गई. वहीं नमाज पढ़े जाने वाले स्थान पर एकत्रित हुए हिंदू संगठन के लोगों ने कहा कि हम खुले में नमाज नहीं पढ़ने देंगे. वहीं संगठन के लोगों ने यह भी कहा कि अगर प्रशासन इसकी इजाजत देता है तो हमें कोई एतराज नहीं है, लेकिन बिना प्रशासन की इजाजत के बिना गांव की जमीन पर मुस्लिम समुदाय को नमाज नहीं पढ़ने देंगे. अगर नमाज पढ़नी है तो अपने घर या मस्जिद में जाकर पढ़ें.
गुरुग्राम के सेक्टर-37 में लगातार एक महीने से भी ज्यादा समय से खुले में नमाज का स्थानीय लोग और हिंदू संगठन के लोग विरोध करते आ रहे हैं. पिछले सप्ताह भी पुलिस के पहरे के बीच नमाज पढ़ी गई थी. इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों को नमाज पढ़ने से मना करने वाले लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था. बता दें कि पिछले सप्ताह भी नमाज को लेकर पुलिस और स्थानीय लोगों में खूब बहस बाजी में हुई थी. इसके साथ-साथ ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यहां के लोगों से हमें कोई दिक्कत नहीं है. लेकिन बाहर से लोग आकर नमाज पढ़ते हैं तो हमें उससे दिक्कत है. इसके साथ-साथ यह भी कहा कि हमारा कोई ऐसा इरादा नहीं है कि हम किसी भी धर्म के खिलाफ जाएं. साथ ही ग्रामीणों ने यह भी कहा कि मुस्लिम समुदाय के लिए प्रशासन ने 13 मस्जिद व 6 अन्य स्थान दिए गए हैं, वहां जाकर वो नमाज पढ़ें, लेकिन कोई भी उन्मादी यहां आता है तो हम ग्रामीण उनके लिए हम यहां खड़े हैं. जुटे हुए लोगों ने कहा कि जो यहां नमाज पढ़ने आते हैं वह सभी दूरदराज से आते हैं. इनका मकसद सिर्फ गुरुग्राम की अमन शांति को खराब करना है.













