
First Test Match: 147 साल का हुआ टेस्ट क्रिकेट, तब था ये खास 'नियम', जानें उस पहले मैच में क्या हुआ, कौन बना था चैम्पियन?
AajTak
टेस्ट क्रिकेट की आधिकारिक शुरुआत 15 मार्च 1877 को हुई थी. टेस्ट इतिहास का पहला मैच इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था. उस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 45 रनों से जीत दर्ज की थी.
First Test Match ever played: क्रिकेट इतिहास में 15 मार्च का दिन बेहद खास है. 147 साल पहले यानी 1877 में इसी दिन टेस्ट क्रिकेट की आधिकारिक शुरुआत हुई थी. तब इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में ऐतिहासिक मुकाबला खेला गया था. दिलचस्प बात यह थी कि उस टेस्ट मैच की कोई समय सीमा तय नहीं थी.
दोनों टीमों को दो-दो पारियां खेलनी थीं, चाहे इसमें कितने भी दिन लगे. टेस्ट इतिहास का पहला मुकाबला 15 से 19 मार्च तक चला. शुरुआती 3 दिन के खेल के बाद चौथे दिन यानी 18 मार्च 1877 (रविवार) को रेस्ट डे रखा गया था. इसके बाद पांचवें दिन ऑस्ट्रेलिया ने 45 रनों से जीत दर्ज की थी.
पहला शतक बैनरमैन के बल्ले से निकला
वो ऐतिहासिक टेस्ट मैच ओपनर बल्लेबाज चार्ल्स बैनरमैन के लिए बेहद खास साबित हुआ. बैनरमैन के बल्ले से टेस्ट क्रिकेट के पहले ही दिन शतक निकला था. यही नहीं पहला टेस्ट रन भी बैनरमैन के बल्ले से ही निकला था. अल्फ्रेड शॉ ने टेस्ट मैच की पहली बॉल फेंकी और उस गेंद का सामना बैनरमैन ने किया था.
कंगारू बल्लेबाज चार्ल्स बैनरमैन ने इसके बाद पचास के व्यक्तिगत स्कोर को छुआ. इतना ही नहीं, उन्होंने उस अर्धशतक को शतक में तब्दील कर इतिहास रच दिया. इंटरनेशनल क्रिकेट में जब भी पहले शतक की बात की जाएगी, तो बैनरमैन का नाम सबसे ऊपर होगा. आखिरकार बैनरमैन 165 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए थे. दरअसल, बैनरमैन चोटिल हो हो गए थे. उनकी उंगली में चोट लगी थी.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












