
Champions Trophy 2025: अगर बारिश से धुला ऑस्ट्रेलिया संग मुकाबला, तो अफगानिस्तान होगा बाहर? जानें गणित
AajTak
ऑस्ट्रेलिया-अफगानिस्तान मुकाबले पर बारिश का साया मंडरा रहा है. शुक्रवार को लाहौर में मैच के दौरान बारिश हो सकती है. ऐसे में मुकाबला धुल भी सकता है. यदि यह मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो जाता है तो इससे ऑस्ट्रेलियाई टीम को फायदा होगा.
आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के मैच नंबर-10 में शुक्रवार (28 फरवरी) को ऑस्ट्रेलिया का सामना अफगानिस्तान से होना है. ग्रुप-बी का यह मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में निर्धारित है. पहली बार चैम्पियंस ट्रॉफी खेल रही अफगानिस्तान की टीम ने इंग्लैंड को हराकर बड़ा उलटफेर किया था. अब वर्ल्ड चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी अफगानी टीम ऐसा ही प्रदर्शन करना चाहेगी.
मैच पर बारिश का साया, अफगानिस्तान की बढ़ेगी मुश्किल!
इस मुकाबले में जो भी टीम जीतेगी, उसकी सेमीफाइनल में एंट्री पक्की हो जाएगी. हालांकि इस मुकाबले पर बारिश का साया भी मंडरा रहा है. शुक्रवार को लाहौर में मैच के दौरान काले बादल मंडराएंगे और बारिश हो सकती है. ऐसे में मुकाबला धुल भी सकता है. यदि यह मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो जाता है तो इससे ऑस्ट्रेलियाई टीम को फायदा होगा.
मैच धुलने की स्थिति में ऑस्ट्रेलिया के चार अंक हो जाएंगे और वो सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगी. जबकि अफगानिस्तान के 3 ही अंक होंगे. ऐसे में अफगानिस्तान की टीम तभी सेमीफाइनल में पहुंचेगी, जब इंग्लिश टीम शनिवार को साउथ अफ्रीका को बड़े अंतर से हराए. तब अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका के 3-3 अंक होंगे और नेट-रनरेट के आधार पर सेमीफाइनलिस्ट का फैसला होगा.
बता दें कि साउथ अफ्रीका का नेट-रनरेट (+2.140) इस टूर्नामेंट में सभी टीमों में सर्वश्रेष्ठ है. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला धुलने पर अफगानिस्तान की टीम टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो जाएगी. यदि अफगानी टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला हारती है तो वह सेमीफाइनल की रेस से पूरी तरह बाहर हो जाएगी. वहीं ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ साउथ अफ्रीका भी सेमीफाइनल में एंट्री कर लेगा.
चैम्पियंस ट्रॉफी में अफगानिस्तान, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप-बी में रखा गया है. साउथ अफ्रीका के दो मैचों में 3 अंक हैं और वो फिलहाल पहले नंबर पर है. साउथ अफ्रीका ने एक मैच में जीत हासिल की, जबकि ऑस्ट्रेलिया संग उसका मुकाबला बेनतीजा रहा. ऑस्ट्रेलिया टीम के भी दो मैचों में 3 अंक हैं, लेकिन उसका नेट रनरेट (0.475) साउथ अफ्रीका से कम है. तीसरे नंबर पर मौजूद अफगानिस्तान की टीम के 2 मैचों में 2 अंक हैं और उसका नेट रेट (-0.990) है. चौथे नंबर पर अंग्रेजी टीम है, जिसका खाता नहीं खुला है और वो सेमीफाइनल की रेस से आउट हो चुकी है.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












