
Anthropic ने नहीं मानी बात... अमेरिका में AI पर मचा घमासान, ट्रंप ने दिया ये आदेश
AajTak
एन्थ्रोपिक ने अमेरिका के रक्षा विभाग की बात मानने से पूरी तरह से इनकार कर दिया है, जिसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सरकारी विभाग को इसके तकनीकी इस्तेमाल बंद करने का आदेश दिया है.
जिस AI के आने से IT कंपनियों में हडकंप मच गया था और दुनियाभर के शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी, उस AI कंपनी और अमेरिकी सरकार के बीच एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. हम बात कर रहे हैं Anthropic AI की. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सभी सरकारी विभागों को इस एआई का इस्तेमाल नहीं करने का आदेश भी दे दिया है. इधर, Anthropic ने साफ कह दिया है कि चाहे कुछ भी हो जाए, हम अपनी नीतियों से चुनौती नहीं करने वाले.
दरअसल, इस विवाद का मूल कारण अमेरिका का रक्षा विभाग (Pentagon) द्वारा Anthropic की नई तकनीकी का इस्तेमाल. पेंटागन चाहता है कि Anthropic का एआई मॉडल Claude का इस्तेमाल वह बिना किसी रोक-टोक के कर सके. इसे और आसानी से समझें तो पेंटागन Claude का सैन्य इस्तेमाल करने के लिए पूरा एक्सेस चाहता है, जिसका मतलब है कि वह पूरा कंट्रोल कर सकता है और अपने हिसाब से किसी देश, व्यक्ति की निजता की भी आसानी से पहुंच प्राप्त कर सकता है.
दूसरी ओर Anthropic ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी AI मॉडल Claude को बिना सुरक्षा गार्डरॉल के इस्तेमाल नहीं होने देगा. खासकर बड़ी पैमाने पर निगरानी और पूरी तरह से स्वायत्त हथियारों के मामले में तो बिल्कुल भी नहीं. बस यही कारण है कि सरकार और कंपनी के बीच टकराव बढ़ गया.
ट्रंप के आदेश पर कोर्ट में चुनौती देगी कंपनी इसका नतीजा यह भी हुआ कि Pentagon ने Anthropic को सप्लाई-चेन रिस्क करार दिया है और उसके सरकारी ऑर्डर कैंसिल कर दिया है. वहीं ट्रंप ने सभी संघीय एजेंसियों से Anthropic की तकनीक का उपयोग बंद करने का आदेश भी दे दिया है. जबकि कंपनी ने इन मांगों को अस्वीकार करते हुए कहा है कि इसके सुरक्षा प्रतिबंध लोकतांत्रिक मूल्यों और नैतिक सीमाओं की रक्षा के लिए जरूरी हैं और वह कोर्ट में चुनौती देगा.
क्यों पूरा कंट्रोल चाहता है अमेरिका? ट्रंप प्रशासन का कहना है कि अमेरिका को एआई की वैश्विक दौड़ में चीन से आगे रहना है, इस कारण डिफेंस और खुफिया एजेंसियों को ज्यादा AI Tools तक बिना बाधा पहुंच मिलनी चाहिए. ट्रंप ने भी कहा है कि नेशनल सिक्योरिटी के मामले में प्राइवेट कंपनियों को सरकार के साथ पूरा सहयोग करना चाहिए.
पेंटागन क्या-क्या एक्सेस चाहता है? पेंटागन बड़े पैमाने पर डाटा विश्लेषण, निगरानी तंत्र को तेज करना, ड्रोन सिस्टम की क्षमता बढ़ाना, और युद्धक्षेत्र में रियल-टाइम फैसला लेने वाली एआई तकनीक को मजबूत करना चाहता है. रक्षा विभाग चाहता है कि Anthropic अपने मॉडल पर लगे कुछ 'गार्डरेल' यानी सुरक्षा प्रतिबंधों को ढीला करे, ताकि Claude को खुफिया विश्लेषण, साइबर ऑपरेशन और संभावित रक्षा प्रणालियों में अधिक इस्तेमाल किया जा सके. पेंटागन का तर्क है कि ये चीजें नेशनल सिक्योरिटी के लिए जरूरी है.













