
सीएम भगवंत मान ने जापान-दक्षिण कोरिया की यात्रा को बताया ऐतिहासिक, बोले- पंजाब में आएगा करोड़ों का निवेश
AajTak
जापान और दक्षिण कोरिया के दौरों के अपने अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पंजाब को दुनिया भर में उभरते हुए औद्योगिक केंद्र के रूप में पेश किया. जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन (JBIC) ने पंजाब के औद्योगिक और स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं में रुचि दिखाई.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जापान और दक्षिण कोरिया की हालिया यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के निवेशकों ने पंजाब के औद्योगिक और स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्ट्स में जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई है. सीएम ने कहा कि ये दौरा पंजाब को देश-दुनिया में निवेशकों की सबसे पसंदीदा लोकेशन बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार पैदा होंगे. ये दौरा औद्योगिक विकास को तेज रफ्तार देने और उसे आवश्यक बल प्रदान करने में सहायक होगा.
EV और R&D पर खास चर्चा मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बैठक के दौरान जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन (जेबीआईसी) के सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर ओगावा काजूनोरी ने पंजाब के औद्योगिक और स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्टों की संभावनाओं की खोज में रुचि दिखाई. उन्होंने कहा कि वे जापानी कंपनियों के माध्यम से संभावित वित्तीय अवसरों पर तकनीकी विचार-विमर्श जारी रखने के लिए सहमत हुए हैं. मान ने कहा कि बैंक ने पंजाब निवेश सम्मेलन के निमंत्रण को भी स्वीकार कर लिया है और इसमें भाग लेने की इच्छा जताई है.
होंडा और फुजित्सु की सकारात्मक प्रतिक्रिया मुख्यमंत्री ने बताया कि होंडा मोटर कंपनी लिमिटेड ने भारतीय साझेदारों के माध्यम से पंजाब में कंपोनेंट निर्माण की संभावनाएं तलाशने की बात कही. उन्होंने कहा कि जेआईसीए (JICA) ने तकनीकी सहयोग और फसली विविधता (Crop Diversification) समेत क्षमता-निर्माण कार्यक्रमों में समर्थन करने की पुष्टि की. मुख्यमंत्री ने कहा कि संसदीय उप-मंत्री (अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग) कोमोरी ताकुओ ने जापानी फर्मों को इन्वेस्ट पंजाब से जोड़ने के लिए समन्वय बनाए रखने पर सहमति जताई. उन्होंने फुजित्सु लिमिटेड ने डिजिटल गवर्नेंस (Digital Governance) समाधानों में रुचि दिखाई और भविष्य के परियोजनाओं के लिए मोहाली का चयन करने का भरोसा दिया. भगवंत सिंह मान ने कहा कि अपनी यात्रा के दूसरे दिन एनईसी कॉर्पोरेशन के साथ बैठक की.
टोपन के साथ MoU साइन सीएम ने कहा कि टोपन होल्डिंग्स ने औपचारिक रूप से 300-400 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के साथ पंजाब में अपनी कंपनी के विस्तार में रुचि दिखाई. साथ ही टोपन और इन्वेस्ट पंजाब के बीच 'स्किलिंग एक्सीलेंस सेंटर' विकसित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए. सीएम ने बताया कि आईची स्टील और वर्धमान स्पेशल स्टील्स ने 500 करोड़ रुपये के निवेश का संयुक्त अध्ययन करने के लिए भी एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए. इसके अलावा यानमार होल्डिंग्स ने कृषि-तकनीक (Agri-tech) और सहायक क्षेत्रों में विस्तार की योजनाएं साझा कीं.
बुनियादी ढांचे में मिलेगा सहयोग उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया में डाइवू ई एंड सी और जी.एस. ई.एन.सी. सहित प्रमुख कंपनियों ने बुनियादी ढांचे (Infrastructure) के विकास और औद्योगिक आधुनिकीकरण (Industrial Modernization) में भागीदारी के प्रति प्रतिबद्धता पुष्टि की. जी.एस. ई.एन.सी. ने नवीकरणीय ऊर्जा (Renewable Energy) में विशेषज्ञता दिखाई. नोंगशिम ने भारत को प्राथमिकता वाला बाजार स्वीकार किया और भविष्य के विस्तार के लिए पंजाब में निर्माण यूनिट (Manufacturing Unit) का मूल्यांकन करने में रुचि दिखाई. कोरियन डिस्प्ले इंडस्ट्री एसोसिएशन (KDIA) ने इलेक्ट्रॉनिक्स और डिस्प्ले-टेक्नोलॉजी इको-सिस्टम विकसित करने में इच्छा जताई.
मोहाली में स्टार्टअप्स मिलेगा बढ़ावा मुख्यमंत्री ने मोहाली में स्टार्टअप, R&D और कुशल रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए दक्षिण कोरिया की पैंगयो टेक्नो वैली जैसे ढांचे को लागू करने की संभावना तलाशने की बात कही. कोरिया नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी (KNSU) ने खेलों के विशेष प्रशिक्षण और शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों के लिए समझौतों में गहरी रुचि दिखाई और उन्हें खेल राजधानी के रूप में प्रसिद्ध जालंधर दौरे का निमंत्रण दिया गया. पर्यटन रोड शो को भी जोरदार प्रोत्साहन मिला. भगवंत सिंह मान ने कहा कि जापानी और दक्षिण कोरियाई लोगों के पास उच्च-स्तरीय तकनीक (Technology) है, जबकि पंजाब के पास सबसे नवोन्मेषी और मेहनती प्रतिभा (Talent) है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन (Progressive Punjab Investors Summit) इस तकनीक और प्रतिभा के बीच समन्वय का मार्ग प्रशस्त करेगा. मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि इससे पंजाब देश और दुनिया में अग्रणी राज्य बनेगा.

पश्चिमी एशिया में युद्ध के बीच भारत की चिंताएं तेल और गैस सप्लाई को लेकर बढ़ी हुई हैं. प्रधानमंत्री ने ताजा हालात की जानकारी सदन में बोलते हुए देश को दी. अब आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्तव्य भवन-2 में अहम बैठक की है. करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में CDS और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहे, जिन्होंने होर्मुज से तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चर्चा की. देखें वीडियो.

पश्चिम एशिया के हालात सुधरते नहीं दिख रहे..ट्रंप ने ईरान के पावर प्लांट पर 5 दिनों तक हमला ना करने की हामी जरूर भरी है लेकिन अब भी हमले थमे नहीं है. पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए भारत ने भी अपनी तैयारी मुकम्मल कर रखी है. राजनाथ सिंह ने एक हाईलेवल मीटिंग बुलाकर तैयारी की समीक्षा की. तो भारतीय एलपीजी टैंकरों की सुरक्षा के लिए भारतीय युद्धपोत हॉर्मुज पहुंच चुके हैं. पीएम मोदी ने कल लोकसभा में साफ कह दिया था कि तेल सप्लाई में रुकावट या नागरिकों और पावर प्लांट पर हमला मंजूर नहीं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान जंग पर राज्यसभा में कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे इस युद्ध को तीन हफ्ते से ज्यादा का समय हो चुका है. इसने पूरे विश्व को गंभीर ऊर्जा संकट में डाल दिया है. इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है. गल्फ देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं. उनके जीवन की रक्षा भी भारत के लिए चिंता का विषय है. होर्मुज स्ट्रेट में बड़ी संख्या में जहाज फंसे हैं. उनके क्रू मेंबर्स भी अधिकतर भारतीय हैं. यह भी भारत के लिए चिंता का विषय है. ऐसे में जरूरी है कि भारत के इस उच्च सदन से दुनिया में संवाद का संदेश जाए. हम गल्फ के देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं. हम ईरान, इजरायल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं. हमने डीएस्केलेशन और होर्मुज स्ट्रेट खोले जाने पर भी लगातार बात की है. भारत ने नागरिकों पर, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर, एनर्जी और ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों का विरोध किया है.










