
श्रीलंका की हार से पाकिस्तान को लगा झटका, जीत के साथ न्यूजीलैंड की दावेदारी मजबूत; बदल गया सेमीफाइनल का समीकरण
ABP News
T20 World Cup 2026 Group 2 Semi-Final Scenario: न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को हराकर ग्रुप-2 में हलचल पैदा कर दी. श्रीलंका की हार से सेमीफाइनल के लिए पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में बुधवार को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में मुकाबला खेला गया. मैच में न्यूजीलैंड ने 61 रनों से शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा. वहीं न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल के लिए अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है. तो आइए जानते हैं कि अब सेमीफाइनल का पूरा समीकरण कैसा है.
ग्रुप-2 में मौजूद न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका की हार से पाकिस्तान को करारा झटका लगा है. पाकस्तान को बगैर किसी रुकवाट सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए चाहिए था कि कीवी अपने बाकी दोनों मैच हारे. लेकिन अब न्यूजीलैंड ने एक मैच जीत लिया है, जिसके साथ पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल हो गया है.
हार के साथ श्रीलंका टीम तो एलिमिनेट हो गई. वहीं ग्रुप-2 में देखा जाएगा तो अब न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल में पहुंचने की रेस बाकी रह गई है. इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका है.
न्यूजीलैंड और पाकिस्तान दोनों ने ही 2-2 मैच खेल लिए हैं. इसके बाद न्यूजीलैंड के पास 3 पॉइंट्स और पाकिस्तान के पास सिर्फ 1 पॉइंट है. ऐसे में अगर दोनों टीमें अपना-अपना आखिरी मैच जीतती हैं, तो न्यूजीलैंड 5 पॉइंट के साथ क्वालीफाई कर जाएगा, जबकि पाकिस्तान सिर्फ 3 पॉइंट्स पर रहकर एलिमिनेट हो जाएगा.













