
फिल्मकार आयशा सुल्तान के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज, कहा- लक्षद्वीप को लेकर जारी रखूंगी संघर्ष
ABP News
लक्षद्वीप प्रशासक के कुछ कानूनों में संशोधन प्रस्ताव को लेकर राज्य में लगातार विरोध देखने को मिल रहा है. नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने पर अब एक फिल्मकार पर देशद्रोह का मामला दर्ज हुआ है.
कवरत्ती: लक्षद्वीप प्रशासक प्रफुल्ल पटेल की नीतियों के फैसलों के खिलाफ आवाज उठाने पर स्थानीय पुलिस ने फिल्म निर्माता आयशा सुल्ताना पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया है. देशद्रोह का मामला दर्ज होने के बाद आयशा ने कहा है कि वह लक्षद्वीप के लिए संघर्ष जारी रखेंगी. पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए 20 जून को बुलाया है. लक्षद्वीप बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल खादर की शिकायत पर आयशा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 124 ए (देशद्रोह) और 153 बी (अभद्र भाषा) के तहत केस दर्ज हुआ है. आयशा सुल्तान ने सोशल मीडिया पर कहा, 'मैं उस जमीन के लिए अपनी लड़ाई जारी रखूंगी, जहां मैं पैदा हुई. हम किसी से नहीं डरते. लक्षद्वीप के लिए मेरा संघर्ष जारी रहेगा और अब मेरी आवाज और तेज होने वाली है. उन्होंने मेरे खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया है. लेकिन जीत सच्चाई की ही होगी.'More Related News













