
'पाकिस्तान को बहुत हिंसक देश बताया', फिल्म धुरंधर पर बोलीं स्वरा भास्कर की मां, मेकर्स पर साधा निशाना
AajTak
एक्ट्रेस स्वरा भास्कर की मां इरा भास्कर ने आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' की आलोचना की है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए मुस्लिमों को हिंसा करने वाला बताया गया है.
एक्ट्रेस स्वरा भास्कर की मां और फिल्म स्कॉलर इरा भास्कर ने इस साल की सबसे मचअवेटेड और ब्लॉकबस्टर फिल्म'धुरंधर' के पॉलिटिकल मैसेज की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि यह फिल्म मुसलमानों और पाकिस्तान को बहुत ही नेगेटिव और हिंसक नजरिए से दिखाती है.
'धुरंधर: द रिवेंज' की रिलीज से ठीक पहले इरा भास्कर का ये बयान सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ. जिसपर सोशल मीडिया यूजर्स के रिएक्शन आ रहे हैं.
इरा भास्कर की मां ने क्या कहा? इरा भास्कर ने एक्टिविस्ट और लेखक हर्ष मंदर के YouTube चैनल 'कारवां-ए-मोहब्बत' पर आयोजित एक चर्चा के दौरान अपने विचार शेयर किए. इस पैनल में जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के पॉलिटिकल साइंस सेंटर के असिस्टेंट प्रोफेसर हरीश वानखेड़े भी शामिल थे.
बातचीत के दौरान भास्कर ने उन फिल्मों के बारे में बात की जिन्हें हाल के सालों में सेंसरशिप या देरी का सामना करना पड़ा है. जिनमें 'पंजाब 95' और 'फुले' जैसी फिल्में शामिल हैं. फिर उन्होंने 'धुरंधर' का उदाहरण देते हुए इस बात पर चर्चा की कि कैसे विचारधारा मेनस्ट्रीम सिनेमा को प्रभावित कर सकती है.
मुस्लिम को हिंसक बताया भास्कर ने माना कि आदित्य धर एक कुशल फिल्ममेकर हैं और कहा कि फिल्म तकनीकी रूप से अच्छी बनी है. हालांकि, उन्होंने यह सवाल उठाया कि क्या सिनेमाई कला को उन विचारों से अलग किया जा सकता है जिन्हें कोई फिल्म बढ़ावा देती है. उनके मुताबिक, 'फिल्म का नैरेटिव एक ऐसी दुनिया बनाता है. जहां मुसलमानों को ज्यादातर हिंसा के नजरिए से दिखाया जाता है.' उन्होंने कहा कि कहानी यह संकेत देती है कि मुसलमान हिंसक लोग हैं और पाकिस्तान को एक हिंसक राष्ट्र के रूप में दिखाया गया है.
उन्होंने आगे तर्क दिया कि सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्में अक्सर किसी खास वैचारिक नैरेटिव का समर्थन करने के लिए कुछ खास घटनाओं और दृष्टिकोणों को चुनती हैं. उनकी राय में इस तरह की चुनिंदा कहानी कहने की शैली यह तय करती है कि दर्शक राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों की व्याख्या कैसे करते हैं.













