
कभी साउथ अफ्रीका के लिए काटा था गदर... अब T20 वर्ल्ड कप में इटली के लिए खेलेगा ये धुरंधर
AajTak
इटली की टीम भी आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी चुनौती पेश करने जा रही है. इटली की टीम मे अनुभवी ऑलराउंडर जेजे स्मट्स की भी एंट्री हुई है, जो कभी साउथ अफ्रीका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेला करते थे.
भारत और श्रीलंका की सहमेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा समय शेष नहीं है. टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी को होगा और इसका खिताबी मुकाबला 8 मार्च को निर्धारित है. आगामी टी20 वर्ल्ड कप में इटली की टीम भी भाग लेने जा रही है. यह इटली का पहला टी20 वर्ल्ड कप होने जा रहा है.
इटली ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालिफायर 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी. इटली ने इस टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड और ग्वेर्नसे के खिलाफ जीत दर्ज कर दूसरा स्थान पाया था. इटली के साथ-साथ नीदरलैंड्स ने इस क्वालिफाइंग टूर्नामेंट के जरिए टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया था.
इटली की टीम टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर चुकी है. टीम की कमान अनुभवी बल्लेबाज वेन मैडसेन को सौंपी गई है. 42 वर्षीय वेन मैडसन के पास काफी अनुभव है और उन्होंने इंग्लैंड के साथ-साथ साउथ अफ्रीका में क्लब क्रिकेट खेला है. मेडसेन ने इटली के लिए 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. मैडसन के नाम 253 फर्स्ट क्लास और 117 लिस्ट-ए और 219 टी20 मुकाबलों का लंबा अनुभव है.
जेजे स्मट्स की खूब हो रही चर्चा वैसे इस सबके बीच सबसे ज्यादा चर्चा ऑलराउंडर जेजे स्मट्स (JJ Smuts) की हो रही है. कभी साउथ अफ्रीका के लिए धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले स्मट्स आगामी टी20 वर्ल्ड कप के दौरान इटली की जर्सी में नजर आएंगे. 2017 से 2021 के बीच स्मट्स ने साउथ अफ्रीका के लिए 6 वनडे और 13 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले थे.
इस दौरान जेजे स्मट्स ने साउथ अफ्रीका के लिए वनडे इंटरनेशनल में 45.00 की औसत से 180 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक शामिल रहा. वहीं टी20 इंटरनेशनल में स्मट्स के नाम पर साउथ अफ्रीका के लिए 13.38 के एवरेज से 174 रन दर्ज हैं स्मट्स ने साउथ अफ्रीका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 8 विकेट भी झटके. आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी स्पिन गेंदबाजी के लिए पहचाने जाने वाले स्मट्स ने अब अपने करियर को एक नया मोड़ दे दिया है.
जेजे स्मट्स ने क्लब क्रिकेट एसए से बातचीत में खुलासा किया कि उन्हें इटली के लिए खेलने की पात्रता कैसे मिली. उन्होंने कहा, 'मैंने अपनी पत्नी के जरिए इटली के लिए क्वालिफाई किया है. मुझे बताया गया कि चूंकि मैंने पिछले तीन साल से साउथ अफ्रीका के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है, इसलिए मैं इटली के लिए खेल सकता हूं.'

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












