
कबाब खाने में जल्दबाजी की तो अटकी सांसें, मॉडल की गई जान!
AajTak
कबाब और चावल खाने में जल्दीबाजी की तो एक मॉडल की सांसें अटक गई. इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया. जहां 2 महीने तक उनका इलाज चला और अब उनकी मौत हो गई है.
कबाब खाने की वजह से थाईलैंड की सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर और मॉडल अरिसारा कारबदेचो का दम घुटने लगा. जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया. 2 महीने तक लाइफ सपोर्ट पर रहने के बाद अब उनकी मौत हो गई है.
27 साल की सोशल मीडिया स्टार की मौत की खबर की पुष्टि, परिवारवालों और दोस्तों ने की है. अरिसारा की दोस्त Sirikanda Chaiburut ने फेसबुक पर कहा- अरिसारा को जानने वाले सभी लोग उदास हैं. वह जवान और खूबसूरत थी.
अरिसारा को एलिस के नाम से भी जाना जाता था. उन्हें इंस्टाग्राम पर 15 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं. अपनी फोटोज पोस्ट कर के उन्होंने ऑनलाइन पॉपुलैरिटी हासिल की थी.
अरिसारा की 57 साल की मां सुपिचा ने कहा कि वह बहुत बिजी थी. वह किसी काम के लिए जा रही थी. जल्दबाजी में पारंपरिक थाई खाना पोर्क कबाब और राइस खा रही थी. इसी दौरान मीट का एक टुकड़ा उनके गले में फंस गया. जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया.
अरिसारा की हालत देखकर डॉक्टरों ने कहा कि उन लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचे में 9 मिनट की देरी कर दी और उनके दिमाग में बहुत देर तक ऑक्सीजन सप्लाई रुकी रही.
मार्च में घटना के कुछ दिनों पहले ही अरिसारा ने अपना आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट किया था. उस पोस्ट पर उनके हजारों फैंस ने कमेंट किया है. वहां लोग इस मॉडल को श्रद्धांजलि भी देते दिख रहे हैं.













