
ईरान से निकाले गए 110 भारतीय दिल्ली के लिए रवाना, नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए लॉन्च हुआ ऑपरेशन 'सिंधु'
AajTak
भारत ने ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए 'ऑपरेशन सिंधु' शुरू किया है. इस अभियान के तहत 110 भारतीय छात्रों को ईरान से निकालकर आर्मेनिया होते हुए भारत लाया जा रहा है. यह कदम क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए उठाया गया है, जहा अब तक दोनों तरफ 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
ईरान और इजरायल के बीच जारी भीषण संघर्ष के बीच भारत सरकार ने बुधवार को 'ऑपरेशन सिंधु' की शुरुआत की, जिसका मकसद ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालना है. यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब इजरायल की सैन्य कार्रवाई और ईरान की जवाबी कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में तनाव और हिंसा बढ़ गई है.
इस अभियान की पहली कड़ी में 110 भारतीय छात्रों को उत्तरी ईरान से सुरक्षित निकाला गया और उन्हें आर्मेनिया की सीमा पार करवाई गई. भारत के ईरान और आर्मेनिया स्थित मिशनों की निगरानी में यह पूरी यात्रा संपन्न हुई. इसके बाद ये छात्र आर्मेनिया की राजधानी येरेवान से 18 जून को दोपहर 2:55 बजे विशेष विमान से भारत के लिए रवाना हुए और इनके 19 जून की तड़के नई दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: ईरान की बिखरी हुई विपक्षी ताकतें... कौन हैं सत्ता के खिलाफ आवाज उठाने वाले?
ईरान और आर्मेनिया को भारत ने दिया धन्यवाद
भारत सरकार ने ईरान और आर्मेनिया दोनों देशों की सरकारों का इस प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया है. विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ईरान में फंसे बाकी भारतीय नागरिकों को भी सुरक्षित क्षेत्रों में ले जाने की प्रक्रिया जारी है. यह पूरा अभियान 'ऑपरेशन सिंधु' के अंतर्गत तय विकल्पों के मुताबिक आगे बढ़ाया जाएगा.
भारत सरकार ने ईरान में रह रहे सभी भारतीयों को भारतीय दूतावास के इमरजेंसी हेल्पलाइन से जुड़े रहने की सलाह दी है. साथ ही नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय द्वारा 24x7 कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिससे मदद ली जा सकती है.

पश्चिमी एशिया में युद्ध के बीच भारत की चिंताएं तेल और गैस सप्लाई को लेकर बढ़ी हुई हैं. प्रधानमंत्री ने ताजा हालात की जानकारी सदन में बोलते हुए देश को दी. अब आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्तव्य भवन-2 में अहम बैठक की है. करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में CDS और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहे, जिन्होंने होर्मुज से तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चर्चा की. देखें वीडियो.

पश्चिम एशिया के हालात सुधरते नहीं दिख रहे..ट्रंप ने ईरान के पावर प्लांट पर 5 दिनों तक हमला ना करने की हामी जरूर भरी है लेकिन अब भी हमले थमे नहीं है. पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए भारत ने भी अपनी तैयारी मुकम्मल कर रखी है. राजनाथ सिंह ने एक हाईलेवल मीटिंग बुलाकर तैयारी की समीक्षा की. तो भारतीय एलपीजी टैंकरों की सुरक्षा के लिए भारतीय युद्धपोत हॉर्मुज पहुंच चुके हैं. पीएम मोदी ने कल लोकसभा में साफ कह दिया था कि तेल सप्लाई में रुकावट या नागरिकों और पावर प्लांट पर हमला मंजूर नहीं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान जंग पर राज्यसभा में कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे इस युद्ध को तीन हफ्ते से ज्यादा का समय हो चुका है. इसने पूरे विश्व को गंभीर ऊर्जा संकट में डाल दिया है. इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है. गल्फ देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं. उनके जीवन की रक्षा भी भारत के लिए चिंता का विषय है. होर्मुज स्ट्रेट में बड़ी संख्या में जहाज फंसे हैं. उनके क्रू मेंबर्स भी अधिकतर भारतीय हैं. यह भी भारत के लिए चिंता का विषय है. ऐसे में जरूरी है कि भारत के इस उच्च सदन से दुनिया में संवाद का संदेश जाए. हम गल्फ के देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं. हम ईरान, इजरायल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं. हमने डीएस्केलेशन और होर्मुज स्ट्रेट खोले जाने पर भी लगातार बात की है. भारत ने नागरिकों पर, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर, एनर्जी और ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों का विरोध किया है.










