
अचानक शेयर बाजार में क्यों आई भारी गिरावट? 6 लाख करोड़ स्वाहा, 14% टूटे अडानी स्टॉक्स
AajTak
शेयर बाजार में शुक्रवार को भारी गिरावट आई. सेंसेक्स निफ्टी समेत सभी इंडेक्स में व्यापक दबाव दिखाई दिया. इस गिरावट के कारण निवेशकों को 6 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. वहीं अडानी स्टॉक भी तेजी से गिर गए.
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को भारी गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 1 फीसदी तक की गिरावट आई. गुरुवार की तेजी के बाद शुक्रवार के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी के अलावा व्यापक स्तर पर कमजोरी रही. मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसमें 1.5 फीसदी से ज्यादा की कमी आई.
शेयर बाजार में इस भारी गिरावट के कारण निवेशकों के 6 लाख करोड़ रुपये डूब गए. बीएसई मार्केट कैपिटलाइजेशन 458.50 लाख करोड़ से घटकर 452.52 लाख करोड़ रुपये पर आ गया.
सेंसेक्स 770 अंक टूटकर 81,537 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 241 अंक टूटकर 25048 पर क्लोज हुआ. बैंक निफ्टी में 700 अंकों की गिरावट देखने को मिली. स्मॉलकैप 1000 से ज्यादा और मिडकैप 700 अंक तक टूट गया.
बीएसई 30 के 6 शेयरों को छोड़कर बाकी सभी 24 शेयर बड़ी गिरावट पर रहे. सबसे ज्यादा गिरावट अडानी पोर्ट, जोमैटो, इंडिगो, बजाज फाइनेंस जैसे शेयरों में आई.
अडानी के शेयरों में भारी गिरावट कारोबार के दौरान अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट देखी जा रही है. सबसे ज्यादा अडानी ग्रीन एनर्जी 14 फीसदी गिरा. अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड , अडानी पावर लिमिटेड, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड, अडानी टोटल गैस और अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में 12 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई.
अडानी के शेयरों में यह गिरावट इसलिए आई है, क्योंकि अमेरिकी आयोग ने अमेरिकी बाजार नियामक से कथित धोखाधड़ी और 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत योजना के मामले में संस्थापक गौतम अडानी और समूह के कार्यकारी सागर अडानी को व्यक्तिगत रूप से ईमेल के माध्यम से समन भेजने की अनुमति मांगी है. इसके बाद इन शेयरों में गिरावट आई है.













