
Microsoft Outages: एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन नॉर्मल, रिफंड पर एविएशन मिनिस्ट्री ने दिया ये अपडेट
AajTak
कल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज कारण सबसे ज्यादा एविएशन सेक्टर प्रभावित हुआ, जहां कई देशों में फ्लाइट सर्विस ठप हो गईं. हजारों की संख्या में उड़ानों को रद्द करना पड़ा. दुनिया में 3 प्रतिशत या करीब 4,300 फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा.
अमेरिकी एंटी वायरस कंपनी क्राउडस्ट्राइक के एक गलत अपडेट के कारण पूरी दुनिया में हडकंप मच गया. Microsoft Global आउटेज के कारण शुक्रवार, 19 जुलाई 2024 को सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक करीब 15 घंटों तक माइक्रोसॉफ्ट के ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलने वाले 95 प्रतिशत कंप्यूटर ठप हो गए. इससे दुनिया भर में हजारों फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ी. शेयर बजार, हॉस्पिटल, टीवी चैनल, कॉल सेंटर, आई सर्विस समेत बैंक और अन्य ठप हो गए.
माइक्रोसॉफ्ट ग्लिच के कारण सबसे ज्यादा एविएशन सेक्टर प्रभावित हुआ, जहां कई देशों में फ्लाइट सर्विस ठप हो गई. हजारों की संख्या में उड़ानों को रद्द करना पड़ा. दुनिया में 3 प्रतिशत या करीब 4,300 फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा. भारत में भी हजारों की संख्या में उड़ानें रद्द रहीं. मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु समेत देश के बड़े एयरपोर्ट पर माइक्रोसॉफ्ट ग्लोबल आउटेज का असर दिखा. फ्लाइट कैंसिल होने से एयरपोर्ट्स पर भारी भीड़ रही और यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया.
भारत में फिर से शुरू हुईं उड़ाने इस बीच, शनिवार की सुबह एविएशन मिनिस्ट्री की ओर से बयान जारी किया गया है. मंत्रालय ने कहा कि सुबह 3 बजे से सभी एयरपोर्ट पर एयरलाइन सिस्टम सामान्य रूप से काम करने लगे हैं. अब फ्लाइट्स सही तरीके से चल रहे हैं. कल रुकावट के कारण कुछ बैकलॉग है और यह धीरे-धीरे दूर हो रहा है. आज दोपहर तक हमें उम्मीद है कि सभी समस्याएं सॉल्व हो जाएंगी.
माइक्रोसॉफ्ट ग्लोबल आउटेज के बीच उड़ान संचालन पर, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर महोल ने कहा, "कल, आउटेज के कारण उड़ान संचालन में समस्याएं थीं. आज, माइक्रोसॉफ्ट ने समस्या का समाधान कर दिया है और उड़ान संचालन फिर से शुरू हो गया है और यह सामान्य हो गया है. कल यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था, लेकिन आज DGCA ने हमें सूचित किया है कि अब संचालन सुचारू रूप से चल रहा है."
रिफंड पर क्या अपडेट मंत्रालय ने कहा कि ट्रेवेल एडजेस्टमेंट और मनी रिफंड पर फोकस किया जा रहा है. कैंसिल हुई फ्लाइट्स के रिफंड जारी किए जाएंगे. लोगों को इंश्योरेंस का भी लाभ मिल सकता है. जल्द ही मंत्रालय इसपर और अपडेट जारी करेगा.
दिल्ली से पटना तक फ्लाइट के क्या हालात दिल्ली से लेकर पटना तक फ्लाइट्स ऑन टाइम पर हैं. यात्रियों को टेक्निकल समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ रहा है. चेक इन करने में भी कोई समस्या नहीं आ रही है. हालांकि थोड़ी लंबी लाइनों में लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है. दिल्ली, पटना और बेंगलुरु में फ्लाइट्स नॉर्मल तरीके से चल रहे हैं.













