
MBBS Admission: फ्री में मेडिकल की पढ़ाई कराएगा ये कॉलेज, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
AajTak
श्री मधुसूदन साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च (SMSIMSR) की स्थापना श्री सत्य साई यूनिवर्सिटी फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस द्वारा सत्य साईं ग्राम, मुद्देनहल्ली, चिक्काबल्लापुर में की गई है, जो बेंगलुरु से 70 किलोमीटर दूर है.
MBBS Admission: मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रहे गरीब परिवार के बच्चों के लिए अच्छी खबर है. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर में स्थित 'श्री मधुसूदन साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च' मेडिकल कॉलेज (SMSIMSR) का उद्घाटन किया है. गैर-व्यावसायीकरण की दृष्टि से स्थापित यह मेडिकल कॉलेज छात्रों को बिना किसी फीस एमबीबीएस की पढ़ाई का वादा कर रहा है.
उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'बीते 9 वर्षों में भारत में भी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बहुत ईमानदारी से, बहुत कुशलता से कार्य करने का प्रयास किया गया है. देश में मेडिकल एजुकेशन से जुड़े अनेक रिफॉर्म किए गए हैं.'
कहां है SMSIMSR मेडिकल कॉलेज? श्री मधुसूदन साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च (SMSIMSR) की स्थापना श्री सत्य साई यूनिवर्सिटी फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस द्वारा सत्य साईं ग्राम, मुद्देनहल्ली, चिक्काबल्लापुर में की गई है, जो बेंगलुरु से 70 किलोमीटर दूर है. इस कॉलेज की आधारशिला अप्रैल 2022 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रखी थी.
MBBS की कितनी सीटों पर होगा एडमिशन? एक ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के चलते इस कॉलेज का फायदा उन गरीब परिवार के बच्चों को होगा, जो महंगी फीस के चलते डॉक्टर बनने का सपना छोड़ देते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो इस कॉलेज में 100 सीटों पर एडमिशन होंगे. 50 सीटों पर सरकारी कोटा के तहत दाखिला होगा जबकि 50 पर प्राइवेट/मैनजमेंट कोटे तहत दाखिला होगा. सभी 100 सीटों पर दाखिला लेने वाले छात्रों से कोई फीस नहीं ली जाएगी. बशर्ते दाखिला लेने वाले छात्रों को एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद कॉलेज हॉस्पिटल में पांच साल तक सेवा देनी होगी.
एकेडमिक ईयर कब से शुरू होने वाला है? आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, मेडिकल एजुकेशन और हेल्थकेयर के गैर-व्यावसायीकरण की दृष्टि से स्थापित SMSIMSR सभी को चिकित्सा शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा देखभाल - पूरी तरह से निःशुल्क प्रदान करेगा. इस संस्थान का शैक्षणिक वर्ष 2023 से काम करना शुरू कर देगा.
बता दें कि पीएम मोदी चुनावी राज्य कर्नाटक की यात्रा पर हैं. इस साल में उनका यह 7वां दौरा है. पीएम मोदी चिक्कबल्लापुर में 'श्री मधुसूदन साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च' का उद्घाटन करने के बाद बेंगलुरु मेट्रो की कृष्णराजपुरा मेट्रो लाइन के लिए व्हाइटफील्ड (कादुगोडी) का भी उद्घाटन करेंगे.

वेस्ट एशिया में छिड़ी जंग के बाद पैदा हुए हालातों पर प्रधानमंत्री लोकसभा को संबोधित कर रहे हैं. इस बीच उन्होंने कहा कि अब इस संकट को 3 सप्ताह से ज्यादा हो रहा है. इसका पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर, लोगों के जीवन पर बहुत ही विपरित असर हो रहा है. इसलिए पूरी दुनिया इस संकट के जल्द से जल्द समाधान के लिए सभी पक्षों से आग्रह भी कर रही है.












