
GT vs CSK: फॉर्म में लौटे रुतुराज गायकवाड़, चेन्नई ने गुजरात को दिया 170 रनों का लक्ष्य
ABP News
GT vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए रुतुराज गायकवाड़ ने 48 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के जड़े. वहीं अंबाती रायडू ने 31 गेंदों में 46 रन बनाए.
GT vs CSK: पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल 2022 के 29वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में 4 विकेट पर 169 रन बनाए. चेन्नई के लिए रुतुराज गायकवाड़ ने 48 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के जड़े. वहीं अंबाती रायडू ने 31 गेंदों में 46 रन बनाए. रायडू के बल्ले से 4 चौके और दो छक्के निकले.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी चेन्नई की शुरुआत एक बार फिर अच्छी नहीं रही. इस बार रॉबिन उथप्पा का बल्ला खामोश रहा. वह सिर्फ तीन रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें मोहम्मद शमी ने पवेलियन भेजा. इसके बाद तीन नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए मोईन अली भी सस्ते में निपट गए. उन्हें एक रन पर अल्ज़ारी जोसेफ ने आउट किया.













