
Ground Report: UP के मीरपुर हिंदू गांव में कचरा प्रबंधन प्लांट का विरोध क्यों?
The Quint
Dumping Ground Protest: गाजियाबाद के मीरपुर हिंदू गांव में प्रस्तावित लैंडफिल साइट के खिलाफ किसान विरोध कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इससे उनकी खेती, भूजल और स्वास्थ्य पर असर पड़ेगा. इस ग्राउन्ड रिपोर्ट जानिए क्या है पूरा विवाद.
"डंपिंग ग्राउंड बनने से खेती से ज्यादा स्वास्थ्य पर असर पड़ेगा. हम यहां अपनी नस्ल और अपनी फसल बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं." यह कहना है मीरपुर गांव के चेतन त्यागी का.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बॉर्डर से सटे बदरपुर खादर गांव के ठीक दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की सीमा शुरू हो जाती है. और इसी इलाके के मीरपुर हिंदू गांव के आसपास इन दिनों हवाओं में ऑक्सीजन कम और अविश्वास की गंध ज्यादा है. यह संघर्ष किसी बड़ी विकास परियोजना या हाईवे के खिलाफ नहीं, बल्कि उस कचरे के खिलाफ है जिसे शहर अपने से दूर फेंक देना चाहता है, और गांव उसे अपने बीच स्वीकार करने को तैयार नहीं है.
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो रहा है. किसानों का कहना है कि यह परियोजना उनकी खेती, भूजल और सेहत पर गंभीर असर डाल सकती है, इसलिए इसे आबादी और कृषि भूमि से दूर शिफ्ट किया जाए.





