
गौ-तस्करी के शक में मुस्लिम शख्स की हत्या, बजरंग दल पर गोली मारने का आरोप
The Quint
Rajasthan Muslim truk driver murder cow smuggling: हरियाणा के पलवल जिले के 28 वर्षीय मुस्लिम ट्रक ड्राइवर की 2 मार्च की सुबह राजस्थान के भिवाड़ी के पास हत्या कर दी गई. परिवार का आरोप है कि इस हत्या में हिंदुत्वादी संगठन से जुड़े लोग शामिल है.
राजस्थान के भिवाड़ी के पास 2 मार्च की सुबह एक हिंसक झड़प में हरियाणा के पलवल जिले के 28 वर्षीय मुस्लिम ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई. मृतक के परिवार का आरोप है कि हिंदुत्ववादी संगठन बजरंग दल से जुड़े लोगों ने आमिर खान को गोली मारकर हत्या कर दी. पहले पुलिस ने पत्थरबाजी में मौत होने की बात कही थी. हालांकि, बाद में गोली लगने की पुष्टि हुई है.
पुलिस के मुताबिक, भिवाड़ी के चौपानकी थाना क्षेत्र में 2 मार्च की सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली कि मवेशियों से भरी एक पिकअप गाड़ी तपूकड़ा से तावडू की ओर जा रही है और कुछ प्राइवेट लोग उसका पीछा कर रहे हैं. इसके बाद सारेकला गांव के पास कथित तौर पर गौ-तस्करों को संरक्षण देने दो गाड़ियों से आए लोगों और पीछा कर रहे लोगों (गौरक्षकों) के बीच आमना-सामना हो गया.
भिवाड़ी के डीएसपी कैलाश चौधरी ने द क्विंट को बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि मृतक गौ-तस्करों को संरक्षण देने के लिए आया था. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प और पत्थरबाजी हुई, जिसमें आमिर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे भिवाड़ी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
