
भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री से पहले राजस्थान में सियासी भूचाल, 'गद्दार' वाले बयान पर घिरे गहलोत, उठी इस्तीफे की मांग
AajTak
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने सचिन पायलट को गद्दार कहा है. उन्होंने कहा कि गद्दार को राज्य का सीएम कैसे बनाया जा सकता है. दूसरी तरफ सचिन पायलट ने कहा कि पता नहीं गहलोत को उनके खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाने की सलाह कौन दे रहा है.
भारत जोड़ो यात्रा के बीच कांग्रेस के सामने राजस्थान संकट फिर खड़ा हो गया है. राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट की रार एक और कदम आगे बढ़ गई है. गहलोत ने अब सचिन पायलट को गद्दार कहा और बोले कि वो (पायलट) कभी राज्य के सीएम नहीं बन सकते. गहलोत के इस बयान के बाद सचिन पायलट ने भी पलटवार किया. इतना ही नहीं कांग्रेस से जुड़े अन्य लोगों ने गहलोत के इस्तीफे की मांग तक उठा दी.
बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल मध्य प्रदेश के खरगोन में है. मध्य प्रदेश से होते हुए यात्रा राजस्थान के कोटा में एंट्री करेगी.
सबसे पहले बात करते हैं गहलोत के बयान की. गुरुवार को एक निजी मीडिया चैनल से बात करते हुए गहलोत ने कहा, 'विधायक किसी ऐसे को कैसे स्वीकार कर सकते हैं जिसने विद्रोह किया हो, जिसे गद्दार करार दिया गया हो. वह सीएम कैसे बन सकता है? विधायक ऐसे शख्स को सीएम के रूप में कैसे स्वीकार कर सकते हैं. मुझपर सबूत हैं कि विधायकों को 10-10 करोड़ रुपये बांटे गए थे, ताकि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार को गिराया जा सके.'
पायलट बोले- झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाने की जरूरत नहीं
गहलोत के इस बयान के बाद हलचल राजस्थान के साथ-साथ दिल्ली में भी देखने को मिली. सबसे पहले इसपर सचिन पायलट की ही प्रतिक्रिया आई. उन्होंने कहा, 'मैंने अशोक गहलोत की बात सुनी. पहले भी उन्होंने बहुत बातें मेरे बारे में बोली हैं. इस प्रकार के झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाने की आज जरूरत नहीं है. आज जरूरत इस बात की है कि हम कैसे पार्टी को मजबूत करें.'
पायलट ने यह भी कहा कि गहलोत सीनियर और अनुभवी नेता हैं. मुझे नहीं पता कि कौन उनको मेरे बारे में झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाने की सलाह दे रहा है. पायलट ने आगे कहा कि आज भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने की जरूरत है. वह यह भी बोले कि जब मैं प्रदेश में पार्टी अध्यक्ष था तब राजस्थान में बीजेपी बुरी तरह हारी थी. बावजूद इसके कांग्रेस अध्यक्ष ने गहलोत को दूसरा मौका देते हुए सीएम बनाया था. आज हमें फिर इस बात की तैयारी करनी चाहिए कि कैसे राजस्थान में चुनाव जीता जाए.

वेस्ट एशिया में छिड़ी जंग के बाद पैदा हुए हालातों पर प्रधानमंत्री लोकसभा को संबोधित कर रहे हैं. इस बीच उन्होंने कहा कि अब इस संकट को 3 सप्ताह से ज्यादा हो रहा है. इसका पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर, लोगों के जीवन पर बहुत ही विपरित असर हो रहा है. इसलिए पूरी दुनिया इस संकट के जल्द से जल्द समाधान के लिए सभी पक्षों से आग्रह भी कर रही है.












