
बॉलीवुड के धुरंधर बने रणवीर सिंह, कभी हुए थे कास्टिंग काउच का शिकार, छलका था दर्द
AajTak
रणवीर के करियर की हाईलाइट फिल्म 'धुरंधर' बन गई है. उन्हें बॉलीवुड का धुरंधर भी कहा जाने लगा है. मगर कम ही लोग जानते हैं कि सिनेमा में एक्टर का सफर आसान नहीं था. उन्होंने तमाम मुश्किलों के साथ-साथ कास्टिंग काउच का सामना भी किया था.
डायरेक्टर आदित्य धर की 'धुरंधर' फ्रैंचाइजी ने हिंदी सिनेमा की अब तक के सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड बना लिया है. इसी के साथ रणवीर सिंह इस दशक के सबसे बड़े स्टार बन गए हैं. रणवीर के करियर की हाईलाइट 'धुरंधर' बन गई है. उन्हें बॉलीवुड का धुरंधर भी कहा जाने लगा है. मगर कम ही लोग जानते हैं कि सिनेमा में एक्टर का सफर आसान नहीं था. उन्होंने तमाम मुश्किलों के साथ-साथ कास्टिंग काउच का सामना भी किया था.
एक समय में अपनी एक्सट्रावगेंट फैशन चॉइस के लिए मशहूर रहे रणवीर सिंह ने 'धुरंधर' में जसकीरत सिंह रांगी और हमजा अली मजहरी का रोल निभाकर दर्शकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया है. हालांकि आज हिंदी सिनेमा का बड़ा नाम बन चुके रणवीर को कभी इंडस्ट्री में आने से पहले काफी संघर्ष करना पड़ा था. साल 2010 में यश राज फिल्म्स के साथ उन्हें पहला ब्रेक मिला था. कुछ पुराने इंटरव्यू में रणवीर ने कास्टिंग काउच का सामना करने की बात खुलकर बताई थी. उन्होंने खुलासा किया था कि कैसे एक कास्टिंग एजेंट ने उनके सामने अनुचित प्रस्ताव रखा था.
रणवीर सिंह के साथ हुआ था कास्टिंग काउच
एक पुराने इंटरव्यू में रणवीर सिंह ने बताया था कि एक 'घिनौना शख्स', जो कास्टिंग एजेंट था, उसने उन्हें अपने घर बुलाया. जब रणवीर ने अपना पोर्टफोलियो उसे सौंपा तो उसने उसे देखा भी नहीं. रणवीर ने याद करते हुए कहा था, 'उसने उसे साइड में रख दिया और कहा, 'तुम्हें स्मार्ट होना होगा, सेक्सी होना होगा. जो स्मार्ट और सेक्सी होते हैं, वो आगे बढ़ते हैं. मैं तुम्हें बहुत सारे ऑफिस में भेज सकता हूं, फिर तुम मुझे बताओगे, ये लो, छुओ...'
एक्टर ने बताया कि जो कुछ हो रहा था, उससे वे 'पूरी तरह शॉक्ड' थे. उन्होंने कहा, 'उसमें इतनी हिम्मत थी कि वो मेरे साथ नेगोशिएट करने लगा. उसने कहा, 'ठीक है, हम कुछ नहीं करेंगे, बस मुझे छूने दो.' फिर बोला, 'ठीक है, मैं सिर्फ देखूंगा.' मैंने कहा- 'नहीं'. जब मैंने मना कर दिया तो वो दिल टूटे प्रेमी की तरह उदास हो गया.' उन्होंने आगे कहा कि बाद में उन्हें पता चला कि उसी एजेंट ने एक और स्ट्रगलिंग एक्टर के साथ अनुचित व्यवहार करने की कोशिश की थी. उन्होंने कहा, 'ये बहुत असली चीज है जो होती है. मैंने खुद इसका एक्सपीरिएंस किया है.'
जूम के साथ एक और चैट में रणवीर सिंह ने बताया था कि जब वे उस कास्टिंग एजेंट के सामने बैठे थे, तो उनके दिमाग में बहुत सारे विचार आ रहे थे. एक्टर ने कहा था, 'जब वो अपने घटिया तरीके से मुझे ऑफर दे रहा था, तब मेरे दिमाग में कई चीजें दौड़ रही थीं. मैं सोच रहा था कि या तो मैं यहां से तूफान की तरह बाहर निकल जाऊं, या इस आदमी को मुक्का मार दूं, या उस पर चिल्लाऊं.'













