
धुरंधर-रामायण के बीच आ गया मारियो, करोड़ों कमाई का रिकॉर्ड, जानें इसके गेटअप- म्यूजिक का राज
AajTak
'द सुपर मारियो गैलेक्सी मूवी' एक एनिमेटेड फिल्म है जो सुपर मारियो ब्रदर्स की दुनिया पर आधारित है. 3 अप्रैल को इसका सीक्वल रिलीज हो गया है. देखना दिलचस्प होगा कि मारियो, धुरंधर को कितनी टक्कर देता है.
बचपन में मारियो गेम खेलने का रोमांच अलग ही दुनिया में ले जाता था. इसकी पॉपुलैरिटी इतनी बढ़ेगी ये बनाने वालों ने सोचा भी नहीं था. लेकिन अब इस पर बनी फिल्म का सीक्वल आ गया है. आरोन हावोर्थ और माइकल जेलेनिक की एनिमेनेट फिल्म 'द सुपर मारियो गैलेक्सी मूवी' का ट्रेलर तकरीबन एक महीने पहले रिलीज हुआ था. अब ये मूवी रिलीज 3 अप्रैल को रिलीज हो गई है, जो 2023 में रिलीज हुई फिल्म सुपर मारियो ब्रॉस मूवी का सीक्वल है. फिल्म के दूसरे पार्ट में ज्यादातर किरदार की वापसी हो रही है. फिल्म में मारियो (क्रिस प्रैट), लुइगी (चार्ली डे), बॉसर (जैक ब्लैक), टॉड (कीगन-माइकल की) और कामेक (केविन माइकल रिचर्डसन) वापसी कर रहे हैं.
यूनिवर्सल पिक्चर्स की यह फिल्म मारियो गेम पर बेस्ड है, जिसे क्रिस मेलडांड्री और शिगुरू मियामोटो ने प्रोड्यूस किया है. यह एक फैमिली एडवेंचर फिल्म है, जो बच्चों को बहुत खूबसूरत एक्सपीरियंस देने वाली है.
कमाई के टूटेंगे रिकॉर्ड फिल्म के पहले पार्ट सुपर मारियो ब्रॉस मूवी (2023) ने बॉक्स ऑफिस पर धमाका मचा दिया था. फिल्म ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 1.36 बिलियन डॉलर (लगभग ₹11,300 करोड़) की कमाई की थी. सुपर मारियो ब्रॉस मूवी एनिमेटेड सिनेमा की तीसरी सबसे कमाऊ फिल्म है. यह फिल्म ईस्टर के दौरान रिलीज हुई थी. फिल्म ने अकेले अमेरिका में 4,800 करोड़ का मुनाफा कमाया था. यह फिल्म वीडियो गेम पर आधारित अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है. 2023 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म (Barbie के बाद) और Illumination स्टूडियो की सबसे सफल फिल्म भी यही रही.
मारियो के बारे में नहीं जानते होंगे ये राज
जापानी वीडियो गेम डिजाइनर शिगेरू मियामोतो मारियो को खास लुक देना चाहते थे. उस दौरान पिक्सलेट ग्राफिक का चलन था और हाई रेज्यूलेशन ग्राफिक बनाना संभव नहीं था. इस कारण चेहरा और बालों को डिजाइन करने में सबसे ज्यादा दिक्कत हुई. अब इसका हल निकालने के लिए लाल रंग की टोपी पहनाई गई. चेहरे पर ज्यादा काम नहीं करना पड़ें इसलिए मूंछों का सहारा लिया गया. मारियो के कपड़ों के रंगों में भी बदलाव किया गया. जब 1981 में पहला मारियो डंकी कॉन्ग गेम में दिखाई दिया तो शर्ट नीली और पैंट-टोपी लाल थी. आगे चलकर इसके कपड़े लाल हो गए.
मारियो के गेम में सबसे खास है इसका म्यूजिक, लेकिन एंथम बन चुके इस म्यूजिक के कम्पोज़र कोजी कोंडो हैं. इस मारियो की धुन का नाम है ग्राउंड थीम. अमेरिका में मारियो की रिंगटोन कई सालों तक नंबर वन डाउनलोडेड रिंगटोंस में शुमार थी. इस धुन पर 1986 में जापानी भाषा में 'गो गो मारियो' नाम से गाना भी बना था. जिसे गाया था हिरोको तानियामा ने. गाने के वीडियो में प्रिंसेस पीच मारियो के लिए गा रही होती हैं. 10 मार्च को मनाया जाता है मारियो डे. लेकिन सबसे जरूरी बात इस तरीख से मारियो का कोई लेना देना नहीं है. फिर ये तारीख मारियो के नाम पर क्यों दर्ज है. इसकी वजह है लिखने का तरीका. दस मार्च को अंग्रेज़ी में ज़्यादातर कैलेंडर्स में कुछ यूं लिखा जाता है- MAR10. जो कि देखने में MARIO लिखा हुआ लगता है. पहले तो सिर्फ कुछ अमेरिकी फैन्स ने ही 10 मार्च को मारियो डे मानाने की प्रथा शुरू की थी, बाद में ये तारीख मारियो के नाम दर्ज हो गई.













