
'रामायण' के मेकर्स को दारा सिंह के बेटे की चेतावनी, क्यों बोले- लोग फिल्म रिजेक्ट कर देंगे
AajTak
लेजेंडरी एक्टर दारा सिंह के बेटे विंदू दारा सिंह ने रामायण के टीजर पर रिएक्ट किया है. उन्होंने टीजर को शानदार और खूबसूरत बताया, लेकिन उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी को चेतावनी भी दी है. जानें विंदु ने ऐसा क्यों कहा.
रणबीर कपूर की रामायण का टीजर जबसे सामने आया है, इसकी सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है. टीजर को मिक्स्ड रिएक्शन मिले हैं. एक्टर विंदू दारा सिंह ने रामायण के टीजर पर रिएक्ट किया है. ये वहीं विंदू हैं जिन्होंने खुद माइथोलॉजिकल शोज में हनुमान का रोल प्ले किया है. उनके पिता दारा सिंह, रामानंद सागर की रामायण में हनुमान बने थे. ऐसे में विंदु का नितेश तिवारी की रामायण पर क्या टेक है, ये जानना अहम हो जाता है.
विंदु को कैसा लगा टीजर? विंदु ने रणबीर की रामायण के टीजर को धमाकेदार और खूबसूरत बताया. लेकिन डायेरक्टर नितेश तिवारी को अहम चेतावनी भी दे डाली. DNA संग बातचीत में विंदु ने कहा- टीजर शानदार है. लेकिन यहां पर एक सख्त रूल है. जो रामायण रामानंद सागर जी की बनी है. वो हम सबके दिलों-दिमाग में पूरी तरह फिट है. वो जो रामायण है, वो ऐतिहासिक है, नंबर 1 है. अगर ये पिक्चर उसके साथ मैच हो गई, तब फिल्म सुपरहिट होगी. ये रिकॉर्ड ब्रेकिंग हिट हो जाएगी.
विंदु ने मेकर्स को चेतावनी देते हुए कहा, अगर नई रामायण काफी ज्यादा आजादी के साथ बनी होगी तो लोग इसे रिजेक्ट कर देंगे. कुछ भी अगर बदलने की कोशिश की, जैसे इसमें वो (असुर) खतरनाक से दिख रहे हैं, अगर ज्यादा ऊपर नीचे किया, तो लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे. विंदु ने मेकर्स की विजुअली रिच ग्राफिक्स के लिए तारीफ भी की. वो कहते हैं- नमित मल्होत्रा जानते हैं कैसे शानदार विजुअल्स देने हैं. फिल्म के स्पेशल इफेक्ट्स शानदार हैं. लेकिन अगर उन्होंने सागर साहब की रामायण नहीं फॉलो की, तो उनके लिए बड़ी दिक्कत हो जाएगी.
विंदु ने रणबीर कपूर के राम लुक पर भी कमेंट किया. उन्होंने कहा- वो खूबसूरत दिख रहे हैं राम के अवतार में. पुरानी रामायण पर बोलते हुए उन्होंने माना कि आज भी राम का नाम लेने पर लोगों के जहन में अरुण गोविल आते हैं. वहीं हनुमान का जिक्र होने पर दारा सिंह. लेकिन अब वो उसी रोल को नहीं दिख सकते. मेरे पिता नहीं रहे. अरुण जी की भी उम्र ज्यादा हो गई है. दशरथ के रोल में वो फिट बैठते हैं. उनकी एक्टिंग क्लास होगी. विंदु ने माना कि नितेश तिवारी का विजन प्रभास की फ्लॉप मूवी आदिपुरुष से कई गुना बेहतर है.













