
जब गलत इरादे से एक्ट्रेस के कमरे में घुसा नौकर, इज्जत बचाने की खातिर बिल्डिंग से कूदीं गोविंदा की भांजी आरती
AajTak
टीवी एक्ट्रेस आरती सिंह ने अपने बचपन के एक दर्दनाक अनुभव शेयर किया है. एक्ट्रेस ने बताया कि 13 साल की उम्र में उनके साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश हुई थी. खुद को बचाने के लिए आरती ने बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी थी.
गोविंदा की भांजी और टेलीविजन डीवा आरती सिंह सिंपल-खुशनुमा लाइफ जीने में यकीन रखती हैं. वो ना कभी किसी पर विवादित बयान देती हैं. ना विवादों में फंसती हैं. वो निजी जिंदगी में एक हिम्मती महिला हैं, जो हर तरह के हालातों से लड़ना जानती हैं. सालों बाद आरती ने बचपन के एक डरावने किस्से को याद किया है. उन्होंने बताया कि बचपन में उनका यौन उत्पीड़न हुआ था और वो मर जाना चाहती थीं.
आरती संग हुई गंदी हरकत hauterrfly को दिए इंटरव्यू में आरती सिंह ने लाइफ के अनकहे किस्से शेयर किए हैं. उन्होंने बताया कि 13 साल की उम्र में उनका यौन उत्पीड़न होने वाला था. हैरानी वाली बात ये है कि उनका शोषण करने वाला शख्स कोई और नहीं, बल्कि उनके घर का नौकर था. खौफनाक हादसे को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 13 साल की उम्र में मेरा नौकर मुझ पर हमला करने आया था.
आरती ने कहा- मुझे सिर्फ इतना याद है कि मैं सो रही थी, वो कमरे में आ गया. उससे बचने के लिए मैंने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाई, तू तो भाई है ना. उस वक्त मैं 12-13 साल की थी. मम्मी फार्म पर थीं और बाहर बहुत गर्मी थी. फिर मैं धीरे-धीरे ऊपर आई और दूसरी मंजिल से कूद गई. आरती कहती हैं कि मैं इतनी मजबूत थी कि मुझे कुछ भी नहीं हुआ.
कम उम्र में आरती ने बेखौफ होकर जिस तरह खुद को बचाया वो काबिल-ए-तारीफ है. ये पहली बार नहीं है जब उन्होंने लाइफ के इस भयानक हादसे को याद किया है. बिग बॉस 13 में जब दीपिका पादुकोण और लक्ष्मी अग्रवाल शो पर मेहमान बनकर आई थीं, तब भी एक्ट्रेस ने इस किस्से का जिक्र किया था. आरती ने कहा था कि उस वक्त वो कांप रही थीं.
शादी के बाद इंडस्ट्री से हुईं दूर आरती सिंह ने छोटे पर्दे पर मायका, देवों के देव महादेव, उतरन और उड़ान जैसे तमाम शोज में काम किया है. वो बिग बॉस 13 में भी नजर आई थीं. बिजनेसमैन दीपक चौहान से शादी के बाद आरती ने छोटे पर्दे से दूरी बना ली है. पर वो सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं.













