
दिल्ली: बाइक से टकराई ई-रिक्शा, आठ साल की बच्ची की मौत, चालक फरार
AajTak
दिल्ली के मौजपुर इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें एक बच्ची की मौत हो गई. स्कूल के बच्चों को लेकर जा रहा ई-रिक्शा पहले मोटरसाइकिल से टकराया और फिर पलट गया. इस हादसे में तीसरी कक्षा की छात्रा 8 साल की अषिता पराशर की मौत हो गई. बच्ची को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है.
देश की राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके मौजपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. स्कूल के बच्चों और एक टीचर को लेकर जा रहा ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में आठ साल की छात्रा अषिता पाराशर की मौत हो गई, जबकि अन्य बच्चे और शिक्षक बाल-बाल बच गए.
ई-रिक्शा के पलटने से बच्ची की मौत
रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है. ई-रिक्शा तेज रफ्तार में मौजपुर इलाके से गुजर रहा था. इसी दौरान वह पहले एक मोटरसाइकिल से टकराया और उसके बाद संतुलन बिगड़ने से पलट गया. इस दौरान कई बच्चे अंदर बैठे थे, जिससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया.
हादसे के बाद घायल बच्ची को तुरंत गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृत बच्ची की पहचान अषिता पाराशर (कक्षा 3, निजी स्कूल) के रूप में हुई है.
ई-रिक्शा चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ई-रिक्शा चालक काफी तेज गति से वाहन चला रहा था और इसी कारण टक्कर हुई. हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस ने ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

पश्चिम एशिया में बिगड़े हालातों पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी की बातचीत हुई है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी दी. पीएम मोदी ने कहा है कि उन्हें ट्रंप का फोन आया और पश्चिम एशिया की स्थिति पर बात हुई. भारत तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है. देखें वीडियो.

मोहम्मद बाघेर जोलघादर, ईरान के नए सुरक्षा रणनीतिकार होंगे. ईरान ने अली लारीजानी की जगह पर मोहम्मद बाघेर की नियुक्ति का ऐलान किया है. ईरान के सरकारी चैनल IRIB के मुताबिक सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने मोहम्मद बाघेर की नियुक्ति को मंजूरी दी है. ईरान का ये ऐलान ऐसे समय में हुआ है, जब बातचीत के राष्ट्रपति ट्रंप के एकतरफा ऐलान के बावजूद ईरान पलटवार से रुका नहीं. ईरान के हमलों से आज तेल अवीव में रिहाइशी इमारतों की बर्बादी की तस्वीरें आईं. उधर, इजरायल ने ईरान के खोर्रमशहर और इशफाहान में ऊर्जा केंद्रों पर हमले किए. इजरायल ने ईरान के कई शहरों में हमले किए हैं. बीती रात हुए हमलों से साफ है कि बातचीत के लिए 5 दिनों की जो मोहलत ट्रंप ने दी, उसका कोई नतीजा नहीं दिख रहा. इस बीच, वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक सऊदी अरब और UAE भी युद्ध में उतर सकते हैं. सवाल है कि इस युद्ध पर फुलस्टॉप कैसे लगेगा? क्या बातचीत के लिए ईरान को कथित तौर पर मोहलत देने का ट्रंप का दांव नाकाम है?

दिल्ली सरकार के बजट को लेकर मंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में किए गए बड़े आवंटन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बताया कि इस बार बजट में सबसे अधिक राशि शिक्षा के लिए निर्धारित की गई है, जो 19,000 करोड़ से ज्यादा है. इसके तहत स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी और ICT लैब्स के विकास के लिए भी करोड़ों रुपये का प्रावधान किया गया है. हालांकि मंत्री ने यह भी कहा कि ये आंकड़े केजरीवाल गवर्नेंस मॉडल की वास्तविकता को उजागर करते हैं और इससे कई सवाल खड़े होते हैं.

रैसी जिले के महोर क्षेत्र में रामाकुंडा मोड़ के पास एक प्राइवेट कार सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई. हादसे में हकनवाज (22), उनकी बहन शहरीजा राहि (18) और उनके चचेरे भाई रफ़ाकत हुसैन (15) की मौत हो गई. पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका महोर अस्पताल में इलाज चल रहा है. ड्राइवर ने अंधे मोड़ पर नियंत्रण खो दिया था.

Harish Rana Dies: हरीश राणा को मिल गई 'इच्छामृत्यु', एम्स में 10 दिन भर्ती रहने के बाद ली आखिरी सांस
Harish Rana News: भारत में निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति पाने वाले पहले व्यक्ति हरीश राणा का AIIMS में निधन हो गया. वे साल 2013 से कोमा में थे. सुप्रीम कोर्ट ने 11 मार्च को उन्हें इच्छामृत्यु की अनुमति दी थी, जिसके बाद अस्पताल में उनके लाइफ सपोर्ट को स्टेप वाइज हटाया गया. डॉक्टर सीमा मिश्रा की अगुवाई में विशेषज्ञ टीम ने पूरी प्रक्रिया पूरी की.

अहमदाबाद के लालदरवाजा इलाके में SDPI (सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया) ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस की मंजूरी नहीं होने के कारण प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया. इस दौरान SDPI कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्का टकराव भी देखने को मिला. SDPI नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने विधानसभा में बहुमत के बल पर UCC बिल को मनमाने तरीके से पारित किया है और इसे मुस्लिम विरोधी बताया. मौके पर सुरक्षा बढ़ाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया.







