
तालिबान पर ‘वेट एंड वॉच’ के मोड में है भारत, सर्वदलीय बैठक में सरकार ने समझाई रणनीति
AajTak
विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अगुवाई में विदेश मंत्रालय की टीम ने सभी राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स को अफगानिस्तान की स्थिति की जानकारी दी.
अफगानिस्तान (Afghanistan) के मसले पर गुरुवार को भारत सरकार (Indian Government) ने सर्वदलीय बैठक की. विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अगुवाई में विदेश मंत्रालय (MEA) की टीम ने सभी राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स को अफगानिस्तान की स्थिति की जानकारी दी. सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने बताया है कि वह अभी वेट एंड वॉच के मोड में है, लेकिन मुख्य फोकस लोगों को वहां से निकालने पर है. सूत्रों का कहना है कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बैठक में बताया कि अफगानिस्तान में हालात काफी खराब हैं, ऐसे में भारत का फोकस अपने लोगों को जल्द निकालने पर है. तालिबान (Taliban) ने अमेरिका के साथ दोहा में जो वादा किया था, उसे तालिबान ने पूरा नहीं किया है. विदेश सचिव हर्ष श्रृंगला ने भी इस बैठक में प्रेजेंटेशन दी. सरकार की ओर से बताया गया है कि अफगानिस्तान में भारत सरकार की हेल्प डेस्क पर करीब 15 हज़ार लोगों ने संपर्क किया. पूरी दुनिया अभी भी तालिबान को लेकर वेट एंड वॉच की पॉलिसी अपना रही है, भारत भी अभी इस मोड में है. जानकारी के मुताबिक, सभी राजनीतिक दलों ने अफगानिस्तान से भारतीयों को निकाले जाने के प्रयासों की तारीफ की है.More Related News













