
'जल्द ही चुकानी पड़ेगी कीमत', लारिजानी की हत्या पर मोज्तबा खामेनेई का बयान, इजरायल-US को दी चेतावनी
ABP News
Iran US Israel War: ईरान की राजनीति में सबसे प्रभावशाली शख्स लारिजानी की हत्या के बाद तेहरान में निर्णय लेने की प्रक्रिया उलझ गई है. सुप्रीम लीडर मोज्तबा ने कहा कि लारिजानी को न्याय जरूर मिलेगा.
ईरानी नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारिजानी की मौत पर सुप्रीम लीडर मोज्तबा खामेनेई ने इजरायल और अमेरिका को चेतावनी दी है. उन्होंने बयान जारी कर लारिजानी की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके हत्यारों को जल्द ही इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी. ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने इससे पहले पुष्टि की थी कि उसके सचिव अली लारिजानी एक हमले में मारे गए हैं.
ईरान-अमेरिका को सुप्रीम लीडर की चेतावनी
मोज्तबा खामेनेई ने कहा, 'अली लारिजानी, उनके बेटे और कई सहयोगियों की शहादत की दुखद खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ. वह काफी अनुभवी व्यक्ति थे, जिन्होंने दशकों तक राजनीतिक, सुरक्षा संबंधित क्षेत्रों में ईरान की सेवा की. इस तरह के आतंकी कृत्य दुश्मनों की शत्रुता को ही दर्शाते हैं और इस्लामी राष्ट्र ईरान के संकल्प को और मजबूत करेंगे. निःसंदेह न्याय जरूर मिलेगा.'
पिछले महीने शुरू हुए इस जंग में इजरायल और अमेरिका लगातार ईरान के टॉप लीडरशिप को निशाना बना रहा है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने 18 मार्च को पुष्टि की है कि उनके इंटेलिजेंस मिनिस्टर इस्माइल खातिब मारे गए हैं. इससे पहले इजरायल ने कहा था कि बीती रात हवाई हमलों में खातिब मारे गए थे. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर इस्माइल खातिब, अली लारिजानी और नासिरजादेह की हत्या को कायराना बताया.






