
‘कोच नहीं, मैनेजर...', गौतम गंभीर को लेकर कपिल देव ने उठा दिए बड़े सवाल
AajTak
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 टेस्ट सीरीज में हार के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर की रणनीति पर सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच भारत के पहले विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने आधुनिक क्रिकेट में कोच की भूमिका को लेकर अहम बयान दिया.
भारत के पहले विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने गौतम गंभीर के कामकाज को लेकर उठ रही आलोचनाओं के बीच आधुनिक क्रिकेट में कोच की भूमिका पर बड़ा बयान दिया है. कपिल का मानना है कि आज के दौर में मुख्य कोच का काम खिलाड़ियों को तकनीक सिखाने से ज्यादा उन्हें सही तरीके से मैनेज करना है.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत की 0-2 से हार के बाद गौतम गंभीर बतौर हेड कोच सवालों के घेरे में हैं. लगातार खिलाड़ियों का रोटेशन, पार्ट-टाइम गेंदबाजों पर निर्भरता और स्पष्ट रणनीति की कमी को लेकर उनकी आलोचना तेज हुई है.
इसी संदर्भ में कोलकाता में इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के आईसीसी शताब्दी सत्र के दौरान कपिल देव ने कहा कि समकालीन क्रिकेट में ‘कोच’ शब्द को अक्सर गलत तरीके से समझा जाता है.
कपिल ने दो टूक कहा, 'आज जिसे हम कोच कहते हैं, वह शब्द बहुत आम हो गया है. गौतम गंभीर कोच नहीं हो सकते, वह एक मैनेजर हो सकते हैं. कोच वह होता है, जिससे मैंने स्कूल और कॉलेज में क्रिकेट सीखी. वे मुझे सिखाते थे, सुधारते थे.'
कपिल ने आगे सवाल उठाया कि एक हेड कोच हर विभाग का तकनीकी विशेषज्ञ कैसे हो सकता है. उन्होंने कहा, 'आप कैसे कोच हो सकते हैं? गौतम गंभीर लेग स्पिनर या विकेटकीपर को कैसे कोच कर सकते हैं? असल जरूरत मैनेज करने की है.'
उनका मानना है कि आधुनिक क्रिकेट में मैनेजर की भूमिका कहीं ज्यादा अहम है, क्योंकि वही खिलाड़ियों का भरोसा जीतता है.एक मैनेजर के तौर पर आप खिलाड़ियों को भरोसा दिलाते हैं कि वे यह कर सकते हैं. युवा खिलाड़ी आप पर विश्वास करते हैं और वही आत्मविश्वास मैदान पर नजर आता है.'

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












