
'काफी वाहियात शॉट...', तिलक वर्मा पर भड़के भारत के पूर्व खिलाड़ी, प्लेइंग 11 पर उठाए सवाल
ABP News
T20 World Cup 2026: द. अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के मैच में तिलक वर्मा गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलते हुए आउट हो गए, जिसके बाद उनकी आलोचना हो रही है. अब भारत के पूर्व क्रिकेटर ने उनको लेकर बड़ा बयान दिया है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में तिलक वर्मा ने अभी तक अपनी बल्लेबाजी से निराश किया है. उनकी अभी तक सबसे बड़ी पारी 31 रनों की आई है, जो नीदरलैंड के खिलाफ थी. सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वह एक खराब शॉट खेलकर आउट हो गए, जिसके बाद उनकी खूब आलोचना हो रही है. अब भारत के पूर्व क्रिकेटर कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने उनकी आलोचना की है और उनके प्लेइंग 11 में होने पर भी सवाल उठाए हैं.
तिलक वर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले चोटिल हो गए थे, उनकी सर्जरी हुई और उन्होंने वापसी की. इंजरी से पहले तिलक अच्छी फॉर्म में थे, उन्होंने एशिया कप में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के जारी संस्करण में उनका बल्ला खामोश है. उन्होंने 5 मैचों में 107 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 118.88 का है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट होने के बाद तो हर कोई तिलक की आलोचना कर रहा है. वह आगे बढ़कर शॉट मारने गए, जिस पर गेंद बल्ले को छूकर विकेटकीपर के हाथों में गई. इसके बाद पूर्व खिलाड़ी कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने भी उनको लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी.
अपने यूट्यूब चैनल पर कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने कहा, 'संजू सैमसन अगर प्लेइंग 11 में आए तो तिलक वर्मा की कोई जगह नहीं बनती. तिलक की वापसी को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं. संभावना भी है कि जिस तरह उन्होंने आज शॉट खेला है, उसके बाद उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया जाए. ये शॉट काफी वाहियात था. इस तरह के शॉट के बाद तो वह क्रीज पर रहना डिजर्व नहीं करते थे.'
ग्रुप स्टेज में भी भारत की बल्लेबाजी कमजोर नजर आ रही थी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच में तो टीम ढह गई. 188 के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 111 रनों पर सिमट गई. 76 रनों से मिली इस बड़ी हार के बाद टीम इंडिया की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है.













