
'कांग्रेस छोड़ दो वरना...', रेसलर बजरंग पूनिया को मिली जान से मारने की धमकी, विदेशी नंबर से आया मैसेज
AajTak
देश के स्टार पहलवान और कांग्रेस नेता बजरंग पूनिया को विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी मिली है. उन्होंने सोनीपत बहालगढ़ थाना में शिकायत दर्ज करवाई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
देश के प्रमुख पहलवान और हाल ही में किसान कांग्रेस के वर्किंग चेयरमैन बने बजरंग पूनिया को विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी मिली है. कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्हें वॉट्सएप पर एक धमकी भरा संदेश मिला है, जिसमें लिखा है, "बजरंग कांग्रेस छोड़ दो वरना तेरे और तेरे परिवार के लिए ये अच्छा नही होगा. ये हमारा आखिरी संदेश है. चुनाव से पहले हम दिखा देंगे हम क्या चीज हैं. जहां शिकायत करनी है कर लो, ये हमारी पहली और आखिरी चेतावनी है."
इस धमकी के बाद बजरंग ने सोनीपत बहालगढ़ थाना में शिकायत दर्ज करवाई है. थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. एक राष्ट्रीय खिलाड़ी और जनता के बीच मशहूर होने की वजह से, इस धमकी ने लोगों के बीच चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया है.
यह भी पढ़ें: रेलवे ने शुरू की विनेश और बजरंग को पदमुक्त करने की प्रक्रिया, नोटिस देने का नियम नहीं आएगा आड़े
बजरंग पूनिया के लिए किए जा रहे सुरक्षा के इंतजाम
पुलिस का कहना है कि वे इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और धमकी देने वाले शख्स की पहचान करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. पुलिस ने बजरंग और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं.
यह पहली बार नहीं है कि किसी देश के किसी मशहूर शख्स को इस तरह की धमकी मिली है, लेकिन लोगों का कहना है कि यह घटना यह सवाल उठाती है कि किसी के विचार और राजनीतिक फैसलों की वजह से उसकी जान को कैसे खतरा हो सकता है. इस धमकी के बाद बजरंग पूनिया की सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है और उनकी सुरक्षा बढ़ाई जा रही है.

वेस्ट एशिया में छिड़ी जंग के बाद पैदा हुए हालातों पर प्रधानमंत्री लोकसभा को संबोधित कर रहे हैं. इस बीच उन्होंने कहा कि अब इस संकट को 3 सप्ताह से ज्यादा हो रहा है. इसका पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर, लोगों के जीवन पर बहुत ही विपरित असर हो रहा है. इसलिए पूरी दुनिया इस संकट के जल्द से जल्द समाधान के लिए सभी पक्षों से आग्रह भी कर रही है.












