
कहीं टूटी हुई चप्पल, तो कहीं छूटी हुई फोन डायरी...हाथरस ने बीते 24 घंटों में क्या-क्या देख डाला!
AajTak
'मैं हाथरस के पोस्टमार्टम हाउस में ड्यूटी पर था, जब एंबुलेंस की आवाज आई. पहले एक...फिर दो...तीन...लाशें बढ़ती ही चली जा रही थीं. कीचड़ में सने-कुचले चेहरे. टूटी पसलियों वाले शरीर. उनमें तीन साल का एक बच्चा भी था. पोस्टमार्टम करते हुए हाथ भले न कांपे, ऐसी तबाही देख कलेजा तो कांप ही जाता है.' हाथरस भगदड़ में मृतकों का पीएम करने वाले श्याम वीर इसके अलावा कुछ भी और कहने से इनकार कर देते हैं. आवाज में मॉर्चुरी में पड़ी बर्फ की सिल्ली जैसा ठंडापन.
उत्तरप्रदेश के हाथरस में मंगलवार को सत्संग के दौरान मची भगदड़ में लाशों का अंबार लग गया. अब तक 121 मौतें बताई जा रही हैं. खबर लिखी जाने तक नंबर लगातार बढ़ता रहा. हादसे के बाद कई तस्वीरें आ रही हैं. छूटी हुई अकेली चप्पल, जिसका मालिक लापता है. बिलखती आंखें, जिनका इंतजार शायद ही कभी खत्म हो. छोटे चकनाचूर फोन, जिनपर अब कोई कॉल नहीं आएगा. फुलरई गांव ने बीते कुछ घंटों में उतनी चीखें, उतने आंसू देख लिए, जिनका जख्म सालों ताजा रहेगा.
ये सबकुछ हुआ, सूरजपाल उर्फ नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा के सत्संग के बाद. हाथरस के नेशनल हाइवे के पास बसे गांव फुलरई के खेतों में मंगलवार को सूरजपाल का कार्यक्रम रखा गया था. लगभग डेढ़ सौ बीघा खेतनुमा मैदान में 80 हजार लोगों के शामिल होने की अनुमति ली गई. लेकिन ये संख्या बढ़ी और डेढ़ लाख पार कर गई. कहीं-कहीं ये भी दावा है कि ढाई से तीन लाख लोग वहां जमा थे.
सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक सत्संग चलता रहा. लोग संगीत की धुन पर नाच-गा भी रहे थे. कई तस्वीरें हैं, जहां खुशरंग चेहरे और कपड़ों में श्रद्धालु दिखते हैं. सुरक्षा और भीड़ को संभालने का जिम्मा बाबा की प्राइवेट आर्मी यानी सेवादारों पर था. हाथों में डंडे लिए सेवादार यहां से वहां लोगों को ठीक से बैठने या शोरगुल न करने की हिदायत दे रहे थे. हल्की बारिश के बाद हवा में उमस थी. महिलाएं अपनी सबसे सुंदर साड़ियों के पल्लू से बार-बार पसीना पोंछ रही थी. बच्चों के साथ पहुंची मांएं आशीर्वाद पाकर जल्दी लौटने का इंतजार कर रही थीं. कुल मिलाकर, एक टिपिकल तस्वीर, जो किसी भी धार्मिक आयोजन या बड़े उत्सव में दिखती है.
यहां तक सब ठीक था. हालात करीब डेढ़ बजे एकदम से बिगड़ने लगे. दरअसल बाबा का काफिला सत्संग स्थल से बाहर जा रहा था, जब हुजूम का हुजूम उनकी गाड़ी के पीछे भागने लगा. सबको बाबा की चरण रज लेनी थी ताकि सारे दुख हर जाएं. बता दें कि बाबा दावा करता था कि उसकी चरण रज यानी पैरों की धूल माथे पर लगाने से सारे संकट दूर हो जाएंगे. आयोजन की हंसती-गाती तस्वीर यहीं से उलट हो गई. भीड़ का सैलाब आया, जो सामने पड़ने वाली हर शै को कुचल रहा था. बैठे हुए लोग संभल न पाने के चलते जमीन पर ही गिर पड़े. दौड़ते हुए पांव एक बार रुके तो हमेशा के लिए रुक गए. भागती हुई मांओं के हाथों से बच्चों के हाथ छूट गए. एक दिन पहले हुई बारिश के चलते खेतनुमा मैदान दलदली जमीन बने हुए थे. श्रद्धालु रपटकर वहीं गिरने लगे. भीड़ का सैलाब इतना जबर्दस्त था कि कोई किसी अपने के लिए चाहकर भी रुक नहीं सका. लोग भागते रहे. लाशें बिछती रहीं. बाबा का काफिला आगे बढ़ चुका था. चरण रज लेने के लिए दौड़ते लोग अब अपनों की खोज में भाग रहे थे. सैकड़ों लोग मिसिंग थे. धीरे-धीरे लाशें बरामद होने लगीं. खेतों में कीचड़-मिट्टी में सनी लाशें. कुछ जिंदा थे, जो वक्त पर इलाज न मिलने पर खत्म हो गए. घटना कितनी भयावह है इसका अंदाजा इसी बात से लगा लीजिए कि हाथरस की मॉर्चुरी लाशें रखने और पोस्टमार्टम के लिए कम पड़ गई. उसके अलावा तीन जिलों- अलीगढ़, एटा और आगरा में भी पूरी रात पीएम होता रहा. बहुत से लोगों के परिजन अब भी मिसिंग हैं.
बाबा की चरण रज का क्या है फेर लगभग हर तबके के लोग सूरजपाल उर्फ बाबा के अनुयायी रहे. चूंकि बाबा ने खुद कह रखा था कि उसकी चरण रज माथे से लगाने पर सारे कष्ट दूर हो सकते हैं, अनुयायी उतावले रहने लगे. अक्सर बाबा के काफिले के पीछे लोग भागते और जमीन से मिट्टी उठाकर माथे से लगाते. महिलाएं एक कदम आगे रहीं. वे गाड़ी के गुजरने के बाद पीछे छूटी धूल को आंचल में भर लेतीं. ऐसा सालों से चला आ रहा है. ये हादसा भी हो सकता था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों के बयान इशारा कर रहे हैं कि ये लापरवाही के कारण हुई चूक से कहीं बड़ी बात है. - मंशा पर पहला सवाल तो यहीं आ जाता है कि अगर कुछ हजारों की भीड़ के लिए इजाजत ली गई थी, तो लाखों की भीड़ जुटने से रोका क्यों नहीं गया. या फिर प्रशासन को इत्तला क्यों नहीं की गई. - लाखों के क्राउड मैनेजमेंट के लिए बाबा के सेवादारों के 40-50 सेवादार ही काफी क्यों मान लिए गए. क्या इसमें पुलिस की मौजूदगी नही होनी चाहिए थी. - बारिश का मौसम था, इसके बाद भी फिसलन वाले खेतों को क्यों सत्संग का मैदान बनाया गया, जबकि यहां छोटी भूल भी आसानी से बड़ा हादसा बन सकती है. - भगदड़ में बाबा के सेवादारों की भी भूमिका बताई जा रही है. कथित तौर पर उन्होंने भीड़ पर पानी की बौछार की, और धमकाया, जिससे लोग बेकाबू हो गई. - हंगामे के बाद सेवादारों ने तुरंत लोकल प्रशासन को सूचित नहीं किया, बल्कि मुख्य सेवादार समेत बाबा खुद फरार हो गए. वे अब भी अंडरग्राउंड हैं. फिलहाल 22 लोगों के खिलाफ सिकंदराराऊ थाने में FIR दर्ज हो चुकी है. कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें मुख्य आरोपी हरिनारायण साकार उर्फ भोले बाबा का नाम ही नहीं. घटना के बाद से बाबा फरार है. मैनपुरी में उसके आश्रम के बाद जगह-जगह छापेमारी चल रही है. इधर मुख्य सेवादार भी परिवार समेत फरार है.
कौन-कौन सी धाराएं लगीं और क्यों इंडियन पीनल कोड की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास), 126-2 (गलत तरीके से रोकना), 223 (सिविल सर्वेंट द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा), 283 (साक्ष्य मिटाना) जैसी कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. एफआईआर में लिखा गया कि सड़क के दोनों ओर खेतों में भरे पानी और कीचड़ में बेतहाशा भागती भीड़ को सेवादारों और आयोजन समिति ने डंडों के दम पर जबरन रोक दिया. इससे भीड़ का दबाव बढ़ता चला गया और लोग एक-दूसरे को रौंदने लगे. मौके पर मौजूद घायलों को अस्पताल तक ले जाने में भी उन्होंने कोई मदद नहीं दी. उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी हाथरस पहुंच हालात का जायजा लिया और प्रेस कॉफ्रेंस की. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जो सज्जन उपदेश देने आए थे उनकी कथा पूरी होने के बाद, उनके मंच से उतरने पर, उन्हें छूने के लिए महिलाओं का एक दल आगे बढ़ा तभी उनके पीछे एक भीड़ गई. इसी दौरान लोग एक-दूसरे पर चढ़ते चले गए. सेवादार भी लोगों को धक्का देते रहे जिससे हादसा हुआ, इस पूरी घटनाक्रम के लिए ADG आगरा की अध्यक्षता में SIT गठित की गई है जिसने प्रारंभिक रिपोर्ट दी है. कई पहलुओं पर जांच होनी है.

रैसी जिले के महोर क्षेत्र में रामाकुंडा मोड़ के पास एक प्राइवेट कार सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई. हादसे में हकनवाज (22), उनकी बहन शहरीजा राहि (18) और उनके चचेरे भाई रफ़ाकत हुसैन (15) की मौत हो गई. पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका महोर अस्पताल में इलाज चल रहा है. ड्राइवर ने अंधे मोड़ पर नियंत्रण खो दिया था.

Harish Rana Dies: हरीश राणा को मिल गई 'इच्छामृत्यु', एम्स में 10 दिन भर्ती रहने के बाद ली आखिरी सांस
Harish Rana News: भारत में निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति पाने वाले पहले व्यक्ति हरीश राणा का AIIMS में निधन हो गया. वे साल 2013 से कोमा में थे. सुप्रीम कोर्ट ने 11 मार्च को उन्हें इच्छामृत्यु की अनुमति दी थी, जिसके बाद अस्पताल में उनके लाइफ सपोर्ट को स्टेप वाइज हटाया गया. डॉक्टर सीमा मिश्रा की अगुवाई में विशेषज्ञ टीम ने पूरी प्रक्रिया पूरी की.

अहमदाबाद के लालदरवाजा इलाके में SDPI (सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया) ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस की मंजूरी नहीं होने के कारण प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया. इस दौरान SDPI कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्का टकराव भी देखने को मिला. SDPI नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने विधानसभा में बहुमत के बल पर UCC बिल को मनमाने तरीके से पारित किया है और इसे मुस्लिम विरोधी बताया. मौके पर सुरक्षा बढ़ाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया.

पश्चिमी एशिया में युद्ध के बीच भारत की चिंताएं तेल और गैस सप्लाई को लेकर बढ़ी हुई हैं. प्रधानमंत्री ने ताजा हालात की जानकारी सदन में बोलते हुए देश को दी. अब आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्तव्य भवन-2 में अहम बैठक की है. करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में CDS और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहे, जिन्होंने होर्मुज से तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चर्चा की. देखें वीडियो.

पश्चिम एशिया के हालात सुधरते नहीं दिख रहे..ट्रंप ने ईरान के पावर प्लांट पर 5 दिनों तक हमला ना करने की हामी जरूर भरी है लेकिन अब भी हमले थमे नहीं है. पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए भारत ने भी अपनी तैयारी मुकम्मल कर रखी है. राजनाथ सिंह ने एक हाईलेवल मीटिंग बुलाकर तैयारी की समीक्षा की. तो भारतीय एलपीजी टैंकरों की सुरक्षा के लिए भारतीय युद्धपोत हॉर्मुज पहुंच चुके हैं. पीएम मोदी ने कल लोकसभा में साफ कह दिया था कि तेल सप्लाई में रुकावट या नागरिकों और पावर प्लांट पर हमला मंजूर नहीं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान जंग पर राज्यसभा में कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे इस युद्ध को तीन हफ्ते से ज्यादा का समय हो चुका है. इसने पूरे विश्व को गंभीर ऊर्जा संकट में डाल दिया है. इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है. गल्फ देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं. उनके जीवन की रक्षा भी भारत के लिए चिंता का विषय है. होर्मुज स्ट्रेट में बड़ी संख्या में जहाज फंसे हैं. उनके क्रू मेंबर्स भी अधिकतर भारतीय हैं. यह भी भारत के लिए चिंता का विषय है. ऐसे में जरूरी है कि भारत के इस उच्च सदन से दुनिया में संवाद का संदेश जाए. हम गल्फ के देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं. हम ईरान, इजरायल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं. हमने डीएस्केलेशन और होर्मुज स्ट्रेट खोले जाने पर भी लगातार बात की है. भारत ने नागरिकों पर, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर, एनर्जी और ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों का विरोध किया है.







