
कई गुना बढ़ा बजट, बदल गए प्रोड्यूसर... 9 सालों में बनते-बनते इतनी बदल गई रामायण!
AajTak
नमित मल्होत्रा की रामायण 9 सालों में स्क्रिप्ट से स्क्रीन तक पहुंची है. ये लंबा सफर सिर्फ एक फिल्म बनने की कहानी नहीं, बल्कि उस जिद का सबूत है जिसमें विजन से समझौता नहीं किया गया. क्या ये महागाथा अपने वादों जितनी ग्रैंड साबित होती है, या उम्मीदों का बोझ इसके लिए चुनौती बन जाएगा.
इंडियन सिनेमा का एक बहुत बड़ा सपना पूरा होने को है. भारत की सबसे बड़ी महागाथाओं में से एक रामायण, आज की शानदार सिनेमैटिक तकनीकों के साथ पूरी भव्यता के साथ स्क्रीन पर आ रही है. इसके एक टीजर भर से शोर मच चुका है. भगवान राम के रोल में रणबीर कपूर की एक झलक भर से लोग इमोशनल हुए जा रहे हैं.
शानदार विजुअल्स और अद्भुत साउंड डिजाइन के साथ रामायण को बड़े पर्दे पर फाइनली वो स्केल मिला है, जो ये महागाथा डिजर्व करती है. लेकिन इस स्केल तक आने और घर से निकलकर ग्लोबल ऑडियंस तक पहुंचने तक, नमित मल्होत्रा की रामायण वैसी नहीं है जैसी अनाउंस हुई थी. स्क्रिप्ट से निकलकर स्क्रीन पर आने तक पिछले 9 सालों में रामायण जितने बदलावों से गुजरी है, वो स्ट्रगल इस फिल्म के लिए सम्मान और बढ़ा देता है.
बदल गए प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की रामायण जब 2017 में अनाउंस हुई, तब ये सिर्फ नमित की फिल्म नहीं थी. उस समय बॉलीवुड के टॉप प्रोड्यूसर्स में से एक मधु मंटेना, साउथ के टॉप फिल्म प्रोड्यूसर अल्लू अरविंद और नमित ने रामायण प्रोड्यूस करने के लिए हाथ मिलाया था. मगर 2024 में मधु इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए. पुरानी रिपोर्ट्स बताती हैं कि फिल्म के बढ़ते बजट और क्रिएटिव डिफरेंस को लेकर अलग हुए थे. रामायण से अलग होने को लेकर कुछ समय पहले वो खफा भी दिखे थे, लेकिन वो अब पुरानी बात है.
इसी तरह धीरे-धीरे अल्लू अरविंद का नाम भी प्रोड्यूसर्स की लिस्ट से गायब हो गया. इसके बारे में कोई बड़ी चर्चा तो नहीं मिलती, मगर इंडस्ट्री की गुपचुप बात यही कहती है कि वो भी क्रिएटिव डिफरेंस की वजह से अलग हुए. नमित मल्होत्रा इंटरव्यूज में बताते रहे हैं कि कैसे प्रोड्यूसर्स के अलग होने से एक बार उन्हें लगा था कि प्रोजेक्ट अटक जाएगा. लेकिन फिर चीजें आगे बढ़ीं और नमित की दोनों कंपनियां प्राइम फोकस और DNEG अब फिल्म की ऑफिशियल प्रोड्यूसर हैं. इस बीच अपनी फिल्म 'टॉक्सिक' के लिए लॉस एंजेलिस, अमेरिका में नमित से मिले सुपरस्टार यश भी रामायण से जुड़ गए. रावण का रोल करने के अलावा यश रामायण के प्रोड्यूसर भी बन गए.
एक डायरेक्टर हो गया कम डायरेक्टर नितेश तिवारी ने जितनी बार रामायण के बारे में बात की है, लोग इस प्रोजेक्ट को लेकर उनकी गंभीरता से प्रभावित हुए हैं. उनकी बातों में ये झलकता है कि वो रामायण को उसके पूरे गौरव के साथ स्क्रीन पर लाना चाहते हैं. लेकिन ये बहुत कम लोगों को याद रहता है कि जब रामायण अनाउंस हुई थी, तो इसके दो डायरेक्टर थे. नितेश तिवारी के साथ रवि उदयवार रामायण को को-डायरेक्ट करने वाले थे. ये बात खुद दोनों डायरेक्टर्स के पुराने इंटरव्यू से कन्फर्म होती है.
मॉम, युध्रा और दो दीवाने शहर में जैसी फिल्मों के डायरेक्टर रवि, रामायण की शुरुआती राइटिंग के वक्त से ही इस फिल्म के साथ हैं. लेकिन बीते कुछ सालों से रवि बता रहे हैं कि वो बतौर विजुअल आर्टिस्ट रामायण से जुड़े हैं और उन्होंने फिल्म का पूरा संसार और किरदार तैयार किए हैं.













