
एआई से जुड़े वे कोर्स, जो एक अच्छा करियर और सैलरी दे सकते हैं
BBC
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई इंसानों की नौकरी ले लेगा ये सोचकर सब घबराए हुए हैं लेकिन एक्सपर्ट्स ऐसे कुछ कोर्स बताते हैं, जो एआई से जुड़े हैं और जिनसे करियर सुरक्षित किया जा सकता है.
ऑफिस हो, घर हो या फिर दोस्तों की बैठक, इन दिनों एक सवाल सभी के दिमाग़ में घूम रहा है. एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्या हमारी नौकरियां ले सकता है?
और ये चिंता सिर्फ एंट्री लेवल कर्मचारियों की नहीं, बल्कि ऊंचे पदों पर बैठे सीनियर लोगों को भी परेशान कर रही है.
सवाल ये कि अगर एआई हमारे काम तेज़ी से और कम लागत में कर सकता है तो इंसानों और उनकी नौकरियों का क्या होगा?
इस सवाल का स्पष्ट जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है. लेकिन इतना तय है कि एआई अब भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान है.
मोबाइल फोन से लेकर बैंकिंग सिस्टम, ऑनलाइन शॉपिंग, सोशल मीडिया और हेल्थकेयर तक हर जगह एआई काम कर रहा है.
विशेषज्ञों का कहना है कि एआई सिर्फ़ नौकरियां खत्म नहीं करेगा, बल्कि नई नौकरियां भी पैदा करेगा.
जनवरी 2026 में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की एक रिपोर्ट के मुताबिक एआई के कारण दुनियाभर में लाखों नई नौकरियां बनी हैं.
