
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट से क्या हुआ हासिल और किन वजहों से याद रखा जाएगा
BBC
दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट की शुरुआत में लोगों को कई मुश्किलें हुईं, समिट के दौरान विवाद भी देखने को मिला. लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस समिट के दौरान हुए समझौतों और डिक्लेरेशन में कई अहम बातें हैं.
पाँच दिन, 20 देशों के प्रमुख. दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के बीच बातचीत, और दिल्ली के बीचों-बीच लाखों लोगों का जमावड़ा. इस दौरान हर जगह दो शब्द सुनाई देते रहे: आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस.
भारत सरकार के मुताबिक़, 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' अब तक का सबसे बड़ा एआई समिट था.
ब्रिटेन, साउथ कोरिया और फ्रांस में ये समिट होने के बाद, पहली बार 'ग्लोबल साउथ' के किसी देश में ये समिट हुआ.
देखते हैं इस समिट से क्या-क्या अहम बातें निकलीं.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
21 फ़रवरी को 88 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने नई दिल्ली एआई इम्पैक्ट समिट डिक्लेरेशन का समर्थन किया. इनमें अमेरिका, चीन, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और यूरोपियन यूनियन शामिल हैं.
