
आज टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और यूएसए की भिड़ंत, बल्लेबाज या गेंदबाज; जानिए पिच किसे करेगी मदद?
ABP News
PAK vs USA Pitch Report: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 12वां मैच पाकिस्तान और यूएसए के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. जानिए पिच का बर्ताव कैसा रहेगा.
टी20 वर्ल्ड कप के 10वें संस्करण में अभी तक छोटी टीमों ने खूब प्रभावित किया है. इसमें यूएसए भी शामिल है, जिसने टीम इंडिया के मजबूत टॉप आर्डर को धराशाई किया. अब टीम का सामना पाकिस्तान से है, जिसे वह टी20 वर्ल्ड कप के पिछले संस्करण (2024) में हरा चुकी है. आज का मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. जानिए पिच का बर्ताव कैसा रहेगा, यहां गेंदबाजों या बल्लेबाजों में किसे अधिक मदद मिलने की उम्मीद है.
पाकिस्तान और यूएसए ग्रुप ए में शामिल हैं. ये इस ग्रुप का चौथा मैच होगा. पाकिस्तान 2 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है. खबर लिखे जाने तक यूएसए चौथे नंबर पर है. सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में अभी तक 4 मैच खेले गए हैं. ये मैच यहां पांचवां मैच होगा.
पाकिस्तान और यूएसए के बीच इससे पहले एक ही टी20 इंटरनेशनल मैच खेला गया है. दोनों पिछले संस्करण (2024) में आमने सामने हुई थी, तब यूएसए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले मैच टाई किया और फिर सुपर ओवर में इसे जीत लिया.
इस ग्राउंड पर कुल 4 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं. 2 मैच साल 2010 में खेले गए थे, जबकि 2 मैच जारी संस्करण में हुए. 7 फरवरी को पाकिस्तान ने इसी ग्राउंड पर नीदरलैंड को हराया था, लेकिन टीम की खराब बल्लेबाजी देखने को मिली. 9 फरवरी को यहां ज़िम्बाब्वे ने ओमान को हराया. दोनों मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती.













