
Weather Today: कई राज्यों में बिगड़ा मौसम, मुंबई में बारिश तो उत्तराखंड में बर्फबारी, दिल्ली में भी अगले 2 दिन बरसात
AajTak
Weather Update: दिल्ली में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है तो देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भारी बरसात से बुरा हाल है. वहीं, उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों की चोटियां बर्फ से ढक गई हैं. मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले 2 दिन बारिश का पूर्वानुमान जताया है. आइए जानते हैं अक्टूबर में क्यों हो रही है बारिश और अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम.
Weather Update: अक्टूबर में मॉनसून की विदाई के बाद भी कई राज्यों में बारिश जारी है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में सीजन की पहली बर्फबारी भी हो चुकी है. कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आने के साथ ही ठंड का अहसास होने लगा है. मैदानी इलाकों की बात करें तो मुंबई, दिल्ली, यूपी, बिहार जैसे कई राज्य अभी बारिश से भीग रहे हैं. मौसम विभाग द्वारा अलग-अलग राज्यों में येलो से रेड अलर्ट तक जारी कर दिया गया है. आइए जानते हैं बारिश को लेकर मौसम विभाग का पूर्वानुमान.
दिल्ली में जारी है बारिश
दिल्ली में बीते दिन से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. लगातार हल्की बारिश से देश की राजधानी दिल्ली के तापमान में गिरावट आई है. मौसम के इस बदलाव को ठंड की आहट कहा जा सकता है. इसके अलावा आसमान में बादल छाए हुए हैं. तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, 11 अक्टूबर तक बारिश रहने की संभावना है. मौसम की इस करवट से तापमान में गिरावट आई है. दिल्ली में बारिश को लेकर देखें मौसम विभाग की भविष्यवाणी....
मुंबई के आसमान में घने बादल, सड़के लबालब
मुंबई में शुक्रवार रात से मूसलाधार बारिश हो रही है. नतीजन ये कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई के कई निचले इलाके पूरी तरीके से जलमग्न हो गए हैं. सड़कें नदी में तब्दील होती हुई दिखाई दे रही हैं. अक्टूबर में मुंबई अमूमन 30-35 डिग्री तक तपती थी, इस बार बारिश में भीग रही है और 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है.
वहीं, अगले 48 घंटे तक बारिश का अनुमान है. निचले इलाकों में पानी भरा है, जिसमें हिंदमाता, सायन, कुर्ला और अंधेरी शामिल है. मौसम विभाग की तरफ से मुंबई और उसके आसपास के इलाकों के लिए अगले 2 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.













