
फ़िल्म अभिनेता राजपाल यादव ने क्यों किया जेल में सरेंडर, क्या है मामला
BBC
अदालत ने कहा है कि अभिनेता के पेशे या फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े होने के आधार पर राजपाल यादव किसी विशेष छूट के हकदार नहीं हैं.
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया है.
दिल्ली हाई कोर्ट ने चेक बाउंस मामलों में हुई सज़ा के सिलसिले में अभिनेता को तत्काल आत्मसमर्पण करने को कहा था.
अदालत ने यह भी साफ़ किया कि अभिनेता के पेशे या फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े होने के आधार पर उन्हें कोई ख़ास रियायत नहीं दी जा सकती.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ राजपाल यादव ने गुरुवार शाम करीब चार बजे जेल अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण किया. जेल प्रशासन के मुताबिक़,आगे की प्रक्रिया जेल मैन्युअल के तहत पूरी की जाएगी.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
इससे पहले 2 फ़रवरी को दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्णा कांता शर्मा ने राजपाल यादव को आत्मसमर्पण करने के लिए 4 फ़रवरी तक का वक्त दिया था.
हालांकि, 4 फ़रवरी तक आत्मसमर्पण करने के आदेश का पालन न करने पर अदालत ने कड़ी नाराज़गी जताई.
