
दिल्ली हाई कोर्ट के बाद अब सुप्रीम कोर्ट ने भी एआर रहमान के ख़िलाफ़ सुनाया फ़ैसला
BBC
एआर रहमान के एक गाने के संगीत को किसी शास्त्रीय गाने के संगीत की कॉपी बताया जा रहा है. हालांकि, रहमान ने इससे इनकार किया है और अब मामला अदालत में है.
सुप्रीम कोर्ट ने 13 फ़रवरी को कहा कि फ़िल्म 'पोन्नियिन सेल्वन 2' में शामिल गीत 'वीरा राजा वीरा' का संगीत ठाकर बंधुओं की रचित 'शिव स्तुति' से लिया गया है.
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट की सिंगल जज की बेंच के फ़ैसले को बरक़रार रखा है.
भारतीय शास्त्रीय गायक फ़ैयाज़ वसीफु़द्दीन ठाकर ने साल 2023 में दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की थी.
याचिका में उन्होंने कहा था, ''निर्देशक मणिरत्नम की बनाई गई फ़िल्म 'पोन्नियिन सेल्वन 2' में शामिल गीत 'वीरा राजा वीरा' का संगीत मेरे पिता नासिर फ़ैयाज़ुद्दीन ठाकर और ज़हीरुद्दीन ठाकर की रचित 'शिव स्तुति' के संगीत से कॉपी किया गया है.''
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
वसीफ़ुद्दीन ठाकर ने अपनी याचिका में कहा कि दोनों के निधन के बाद क़ानूनी वारिसों के बीच हुए पारिवारिक समझौते के तहत उन्हें इसका कॉपीराइट दिया गया था.
उन्होंने कहा कि फ़िल्म की टीम ने 'वीरा राजा वीरा' की साउंड रिकॉर्डिंग के लिए उन्हें उचित श्रेय नहीं दिया.
