
जेल में बंद राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद और तेज प्रताप यादव
BBC
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मदद के लिए सोनू सूद समेत बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई लोग सामने आए हैं.
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने एक चेक बाउंस मामले में पिछले हफ़्ते गुरुवार को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया.
उनके आर्थिक संकट को लेकर मीडिया में आई रिपोर्टों के बाद सोशल मीडिया पर काफ़ी चर्चा हो रही है और इस बीच कुछ लोगों ने आर्थिक मदद की घोषणा भी की है.
मंगलवार को बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने अपने भविष्य के प्रोजेक्ट के लिए एक साइनिंग अमाउंट देने की जानकारी दी, वहीं लालू यादव के बेटे और जन शक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप ने आर्थिक मदद का एलान किया.
दरअसल, दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें आत्मसर्पण के लिए चार फ़रवरी तक का वक़्त दिया था. पांच फ़रवरी को राजपाल तिहाड़ जेल पहुंचे.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि 'अदालत के निर्देशों की अनदेखी कानून के प्रति सम्मान की कमी को दर्शाता है और अभिनेता के पेशे या फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े होने के आधार पर उन्हें कोई ख़ास रियायत नहीं दी जा सकती.'
मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि जेल में सरेंडर करने से पहले राजपाल यादव 'भावुक' हो गए थे.
