
अरिजीत सिंह ने इस वजह से छोड़ी प्लेबैक सिंगिंग, उनके क़रीबियों ने बताया
BBC
अरिजीत सिंह फ़िल्म इंडस्ट्री में टॉप सिंगर माने जाते हैं और कई सुपरहिट गाने उनके नाम दर्ज हैं ऐसे में उनके इस फ़ैसले से कई लोग हैरान हैं.
देश के सबसे लोकप्रिय गायकों में से एक, प्लेबैक सिंगिग की दुनिया का जाना-माना नाम, कई सुपरहिट गानों को अपनी आवाज़ दे चुके अरिजीत सिंह...
उन्होंने मंगलवार शाम जब अचानक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए एलान किया कि वो प्लेबैक सिंगिग को अलविदा कह रहे हैं तो उनके कई फ़ैंस हैरान रह गए और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा होने लगी.
हालांकि अरिजीत सिंह ने ये भी लिखा कि म्यूज़िक से उनका नाता जारी रहेगा और वो संगीत बनाते रहेंगे.
लेकिन जिस प्लेबैक सिंगिंग की वजह से अरिजीत सिंह को देश में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में पहचान मिली, वो उन्होंने सिर्फ़ 40 साल की उम्र में ही छोड़ने का एलान किया क्यों?
बीबीसी ने अरिजीत सिंह से क़रीब से जुड़े लोगों से बात करके उनके इस फ़ैसले को समझने की कोशिश की.
अरिजीत ने अनुराग बसु की कई फ़िल्मों जैसे 'बर्फ़ी', 'जग्गा जासूस', 'लूडो', 'मेट्रो इन दिनों' के गाने गाए और इन फ़िल्मों के कुछ गाने बड़े हिट साबित हुए.
अनुराग ने बीबीसी से कहा, "दुनिया भर के लोग भले ही इस बात से हैरत में पड़ गए हों लेकिन मुझे उनके इस फ़ैसले से ज़रा भी हैरत नहीं हुई. मैं एक अरसे से जानता हूं कि अरिजीत आख़िर किस क़दर प्रतिभाशाली शख़्स हैं और सिंगिंग के अलावा ज़िंदगी में बहुत कुछ करने की चाहत रखते हैं."
